रामपुर : सैफनी में बाइक सवार बदमाशों ने युवक को मारी गोली, मुकदमा दर्ज
रामपुर/सैफनी, अमृत विचार। देर रात बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। गोली मारने के बाद बाइक सवार बदमाश भाग निकले। हादसे के बाद काफी समय तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
थाना क्षेत्र के गांव बिसौली तालाब निवासी मोनू चौधरी पुत्र यशपाल पाल सिंह अपने मित्र बनजीत यादव पुत्र सरनाम सिंह के साथ नगर के ही एक अस्पताल से अपने भतीजे का हालचाल जानने गए थे। वहां से गुरुवार की रात को वह वापस घर लौट रहे थे जैसे ही वह अपने गांव के करीब पहुंचे तो दो बाइक सवार बदमाश पीछे से आए। दोनों के चेहरे कपड़ों से ढके हुए थे। उसके बाद बाइक सवार बदमाशों ने गोली चला दी, जो कि मोनू के कंधे में जाकर लगी, जिससे वह घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। आनन-फानन में उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में जानकारी मिलने के बाद परिजन आ गए। अपने निजी वाहन से युवक को गंभीर अवस्था में मुरादाबाद के सांई अस्पताल ले गए। सूचना पर सैफनी थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र सोलंकी भी मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी ली। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लगातार हो रहीं सैफनी में घटनाएं
नगर के छितौनी मार्ग पर पुलिस हर समय मौजूद रहती है।उसके बाद भी एक माह पहले बदमाशों ने एक युवक से 60 हजार रुपये की लूट की थी। सैफनी बिलारी मार्ग पर एक किराने की दुकान को चोर निशाना बनाकर वहां से 5 लाख का सामान समेट कर ले गए थे। जिसका अभी तक पुलिस खुलासा नही कर सकी है।अब बदमाशों ने युवक को गोली मार दी। इससे लोगों में दशहत बढ़ती जा रही है।
सैफनी के बिसौली तालाब के पास बाइक सवार बदमाशों ने मोनू चौधरी को पीछे से गोली मारी थी। जिसमे अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। डॉ संसार सिंह, एएसपी
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : सपा के पूर्व विधायक इकराम कुरैशी के धोखाधड़ी मामले में हुई बहस
