अमरोहा: डीएम ने किया प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण, बोले- यह समय खाना खाने का नहीं, बच्चों को पढ़ाने का है

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जिलाधिकारी के सामने गणित के सवालों में उलझे बच्चे

अमरोहा/अमृत विचार। शुक्रवार को जिलाधिकारी बालकृष्ण त्रिपाठी ने गांव मलेशिया स्थित प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने प्रत्येक कक्षा में जाकर अध्यापकों से विभिन्न बिंदुओं पर सवाल किए। साथ ही छात्रों से गणित के प्रश्नों के सवाल बोर्ड पर हल करवाए और बच्चों से अंग्रेजी के वाक्यांशों को पढ़वाया। गणित व अंग्रेजी के सवालों का जवाब बच्चों द्वारा संतोषजनक नहीं दिए जाने पर जिलाधिकारी ने कक्षा अध्यापक से नाराजगी व्यक्त की और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के निर्देश दिए। 

वहीं प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय में दो शिक्षा मित्र हैं। जिसमें एक शिक्षामित्र खाना खाने गए हैं। आने के बाद जिलाधिकारी ने शिक्षामित्र को फटकार लगाई। साथ ही कठोर कार्रवाई करने की चेतावनी दी। कहा कि यह समय खाना खाने का नहीं बल्कि बच्चों को उचित शिक्षा दिए जाने का है। उन्होंने विद्यालय में उपस्थित व अनुपस्थित छात्र-छात्राओं व अध्यापकों की उपस्थिति सहित विभिन्न बिंदुओं पर प्रधानाध्यापिका से जानकारी लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षकों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि आप लोग केवल फर्ज ही न अदा करें बल्कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा भी दें।

 उन्होंने कहा कि जो भी शिक्षण कार्य बच्चों को दिया जाएं, वह बच्चे के पूरी तरह से समझ आना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक समय से विद्यालय आए और समय तक रहकर विद्यालय में बच्चों को प्रत्येक अलग-अलग विषय पर गंभीरता के साथ शिक्षण दें। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बच्चों से अंग्रेजी के वाक्यांश को पढ़वाया, जिस पर बच्चों द्वारा कोई भी जवाब न दिए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी चंद्रशेखर शुक्ल, उपजिलाधिकारी राजीव राज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी राजीव सिंघल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
 
ये भी पढ़ें:- रामपुर : सैफनी में बाइक सवार बदमाशों ने युवक को मारी गोली, मुकदमा दर्ज

संबंधित समाचार