जनपदीय क्रीड़ा प्रतियोगिता: चैंपियनशिप पर नारायणपुर की मनोरमा का कब्जा
अमृत विचार, बांदा। भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी में आयोजित दो दिवसीय जनपदीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्राथमिक स्तर बालक वर्ग में कंपोजिट दलपा पुरवा के मंदीप व बालिका वर्ग में प्राथमिक विद्यालय कौंहारा की खुशी एवं जूनियर स्तर बालक वर्ग में कम्पोजिट विद्यालय भांटी के अरविंद, बालिका वर्ग में पूर्व माध्यमिक विद्यालय सया की सोना व पूर्व माध्यमिक विद्यालय नारायणपुर की मनोरमा ने चैंपियनशिप जीती।
दो दिन तक चली विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्राथमिक स्तर बालक वर्ग में दलपापुरवा के मंदीप ने प्रथम स्थान हासिल किया। कबड्डी में ब्लाक कमासिन विजेता और व बिसंडा ब्लाक की टीम उपविजेता रही। 50 व 100 मीटर दौड़ में प्राथमिक विद्यालय दलपा पुरवा के मंदीप, 200 मीटर बालक वर्ग में प्राथमिक विद्यालय लखनपुर के कुंवर प्रसाद, 400 मीटर में समगरा के अनुज, प्राथमिक स्तर बालिका वर्ग 50 मीटर दौड़ में प्राथमिक विद्यालय कौंहारा की खुशी, 200 मीटर में प्राथमिक विद्यालय चौंसड़ की महिमा, 400 मीटर में प्राथमिक विद्यालय चरका की अंशिका, लंबीकूद में प्राथमिक विद्यालय काशीपुर की रोशनी, जूनियर बालक वर्ग में 100 मीटर में गौरीकलां के शोभित, 200 मीटर दौड़ में राधौपुर के रोहित, 400 मीटर दौड़ में पन्नाह के नीरज, 600 मीटर में भाटी के अरविंद, लंबी कूद में गौरीकलां के दीपू प्रथम रहे।
जूनियर स्तर बालिका वर्ग में 600 मीटर दौड़ में सया की सोना प्रथम रही। योगासन में बिसंडा टीम विजेता और महुआ टीम उपविजेता रही। 400 मीटर दौड़ में नारायणपुर की मनोरमा, गोला फेंक में रिसौरा की रानी प्रथम रही। समापन समारोह में मुख्य अतिथि सांसद आरके सिंह पटेल ने अपने संबोधन में कहा ग्रामीण इलाकों की प्राथमिक शिक्षा में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि बच्चों में छिपी प्रतिभाओं को निखारने का काम शिक्षकों ने किया है।
समापन समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष संजय सिंह, ब्लॉक प्रमुख स्वर्ण सिंह सोनू, सांसद प्रतिनिधि शक्ति सिंह तोमर, विधायक प्रतिनिधि रजत सेठ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता बीएसए प्रिंसी मौर्य ने की। शिक्षक जिलाध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी, रामकुमार यादव, राजेश द्विवेदी, राजेश तिवारी, जयकिशोर दीक्षित, विनय कुमार आदि का विशेष सहयोग रहा।
