मेरठ: आईआईएफएसआर के गार्ड को धारदार हथियार से हमला कर किया घायल
गार्ड ने शक होने पर आईडी मांगी और सुरक्षा अधिकारी को मामले की जानकारी दी। युवक ने मौका मिलते ही गार्ड सुरेश पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया और मौके से भाग निकला।
मेरठ, अमृत विचार। आईआईएफएसआर के कृषि फार्म हाउस में आवला तोड़ रहे एक युवक ने गार्ड पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। जिस कारण गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल गार्ड को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मूलरूप से थाना झिंझाना के दुर्गापुर निवासी सुरेश वर्तमान में कंकरखेड़ा क्षेत्र के रोहटा रोड पर रहते है। सुरेश आईआईएफएसआर (भारतीय कृषि प्रणाली संस्थान) के कृषि फार्म हाउस में गार्ड की नौकरी करता है। सुरेश ने बताया कि सोमवार को एक युवक कृषि फार्म हाउस में घुसकर चोरी से आवला तोड़ रहा था। उसने युवक को देखा तो आवला तोड़ने का विरोध किया, जिस पर युवक ने खुद को इंटेलिजेंस से बताते हुए कहा कि वह जांच करने आया है।
गार्ड ने शक होने पर आईडी मांगी और सुरक्षा अधिकारी को मामले की जानकारी दी। युवक ने मौका मिलते ही गार्ड सुरेश पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया और मौके से भाग निकला।
गार्ड सुरेश को अन्य साथियों ने मोदीपुरम स्थित एसडीएस अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी मिलने पर डायरेक्टर आजाद सिंह पंवार, सुरक्षाअधिकारी योगेंद्र बालियान गार्ड का हाल जानने अस्पताल में पहुंचे। सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र कुमार का कहना है कि उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी है। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है।
ये भी पढ़ें : मेरठ: नेपाली नौकर ने अपने साथियों संग व्यापारी के घर डाली डकैती, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
