मेरठ: कर्मचारी की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने किया चौंकाने वाला खुलासा
गंगानगर की एक महिला के जबरन घर बुलाने और उसके पति के ब्लैकमेल करने से परेशान था प्रॉपर्टी डीलर
मेरठ अमृत विचार। गंगानगर थाना क्षेत्र के अम्हेडा गांव में अपने आफिस पर फांसी लगाकर आत्महत्या करने वाले मेरठ कॉलेज के कर्मचारी व प्रॉपर्टी डीलर की आत्महत्या के मामले में सोमवार को पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया। पुलिस ने इस मामले में गंगानगर निवासी एक दंपती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
गंगानगर एफ ब्लॉक निवासी मेरठ कॉलेज के कर्मचारी व प्रोपर्टी डीलर फेरम सिंह राणा ने रविवार शाम अम्हेड़ा गांव के रास्ते पर स्थित अपने ऑफिस पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिजनों ने उस समय पुलिस की प्रताड़ना से डिप्रेशन में आने पर आत्महत्या का कदम उठाने का आरोप लगाया था।
दरअसल, अमन विहार निवासी सपा नेता व व्यापारी श्रवण कुमार के घर 15 नवंबर को डकैती की घटना हुई थी। लोकेशन के आधार पर पुलिस ने फेरम सिंह को 16 नवंबर को सरधना तहसील से गिरफ्तार कर लिया था और तीन दिन तक पुछताछ की थी।
परंतु, फेरम सिंह ने पुलिस को बताया कि उसका इस घटना से कोई लेना देना नहीं है। जिस, पर पुलिस ने उसे छोड़ दिया था। रविवार को आत्महत्या के बाद परिजनों ने बदनामी के डर से आत्महत्या करने व पुलिस पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था।
सोमवार सुबह फेरम सिंह की पत्नी गीता ने गंगानगर थाने पहुंची। गीता ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उनके पति का मोबाइल उनके भतीजे पर था। सुबह मोबाइल चेक करने पर उन्हें फेरम सिंह की दो वीडियो मिली। उन्होंने बताया कि अमन विहार निवासी उषा पत्नी राकेश अधाना उन्हें फोन करके जबरन घर बुलाती थी।
विरोध करने पर अपने भाइयों से मारपीट करवाने की धमकी देती थी। जिस कारण फेरम सिंह मजबूरी में वहां जाता था। साथ ही राकेश अधाना लगातार फेरम को ब्लैकमेल कर रहा था। दोनों से परेशान होकर फेरम सिंह ने आत्महत्या करने का कदम उठाया।
पत्नी गीता की तहरीर पर गंगानगर पुलिस ने आरोपी उषा और उसके पति राकेश अधाना को हिरासत में ले लिया और पूछताछ की। पुलिस ने दोनों पर धारा 306 के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। लिया।
डकैती वाले दिन भी महिला बुलाई : सपा नेता श्रवण कुमार के घर जिस दिन डकैती की घटना हुई, उस दिन भी महिला उषा ने फेरम सिंह को जबरन अपने घर बुलाया था। महिला का घर सपा नेता के घर के पास है। इसलिए फेरम की पुलिस को सपा नेता के घर के पास होने की लोकेशन मिली थी और उनकी गाड़ी भी घटना स्थल के पास देखी गई थी।
ये भी पढ़ें - मेरठ: आईआईएफएसआर के गार्ड को धारदार हथियार से हमला कर किया घायल
