अयोध्या : किसान आक्रोशित, कृषि भवन में जड़ा ताला
जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते भाकियू में आक्रोश व्याप्त
अमृत विचार, अयोध्या। लगातार दो माह से टल रहे किसान दिवस व कृषि विभाग की तमाम कल्याणकारी योजनाओं का लाभ किसानों को न मिलने से आक्रोशित भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कृषि भवन में उपनिदेशक कार्यालय के समक्ष पंचायत लगाई।
दोपहर 2:30 बजे तक अधिकारियों के न आने पर आक्रोशित भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने कृषि भवन के मुख्य द्वार को बंद करते हुए उसके समक्ष बैठकर धरना शुरू कर दिया। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय सचिव घनश्याम वर्मा ने कहा कि उपनिदेशक कृषि की सोची समझी साजिश का परिणाम है कि लगातार दो माह से किसान दिवस स्थगित किया जा रहा है।
पिछले वर्षों से गेहूं के बीज का सब्सिडी अभी तक नहीं मिला है। किसान मेला हेतु हुए टेंडर में उपनिदेशक कृषि द्वारा बड़ा खेला किया गया है। जिला अध्यक्ष सूर्य नाथ वर्मा ने कहा कि सुबह 11:00 बजे से शांतिपूर्ण ढंग से पंचायत की जा रही थी।
कृषि विभाग का कोई अधिकारी पंचायत में न आने के कारण मजबूरी में मुख्य द्वार को बंद करना पड़ा है। आंदोलन में युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष भागीरथी वर्मा, जिला उपाध्यक्ष राम गणेश मौर्य, रंजीत कोरी, सती प्रसाद वर्मा, देवी प्रसाद वर्मा, राजेश मिश्र सहित सैकड़ों लोग शामिल रहे। खबर लिखने तक किसी अधिकारी के पहुंचने की खबर नहीं है और धरना जारी रहा।
