चंडीगढ़ में श्रद्धा हत्याकांड जैसी वारदात!: दूसरे समुदाय के शादीशुदा युवक ने घर में घुसकर गला दबाकर की युवती की हत्या
राम गोपाल (DSP,चंडीगढ़) ने बताया कि जांच में पता चला कि एक शारिक नाम का लड़का है जो पीछे से मृतका के पास आया और मृतका का गला दबाकर हत्या कर दी।
चंडीगढ़। चंडीगढ़ में भी श्रद्धा वालकर हत्याकांड जैसा मामला सामने आया है। शहर के बुड़ैल में किराये के घर में रहने वाले पहले से विवाहित मुस्लिम युवक ने पड़ोस में परिवार के साथ रहने वाली हिंदू युवती को अपने प्रेम के जाल में फंसाया। लगभग दो साल तक उसने लड़की से अपने विवाहित होने की बात छिपाई। जब लड़की को उसके शादीशुदा होने का पता चला तो उसने युवक से दूरी बना ली। यह बात मुस्लिम युवक को नागवार गुजरी और उसने लड़की के घर में घुस कर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या से पहले दुष्कर्म की भी आशंका जताई जा रही है। आरोपित की पहचान बिहार के जिला मधुबनी स्थित गांव बेला निवासी 25 वर्षीय मोहम्मद शारिक के तौर पर हुई है।
राम गोपाल (DSP,चंडीगढ़) ने बताया कि चंपा नाम की महिला बुड़ैल में किराए के मकान में रहती है। महिला की एक बेटी और एक बेटा था। महिला 19 नवंबर को जब काम करके घर आई तो बेटी अचेत मिली, आवाज लगाने पर भी वह नहीं उठी। जब उसको अस्पताल ले गए तो उसे मृत पाया गया। महिला ने शिकायत दर्ज कराई।
राम गोपाल ने बताया कि जांच में पता चला कि एक शारिक नाम का लड़का है जो पीछे से मृतका के पास आया और मृतका का गला दबाकर हत्या कर दी। यह लड़का इससे पहले भी आया था जिसके बाद मृतका ने इसको किसी भी तरह का ताल्लुक रखने से मना कर दिया था। लड़का बिहार का रहने वाला है और शादीशुदा है।
बताया जा रहा है कि मृतका का नाम ममता था और वह 18 साल की थी। ममता मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जिला हरदोई के तहसील बेनीगंज के गांव मलाहपुर की रहने वाली थी। युवती की मां चंपा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित को सेक्टर-45 से गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से कपड़ों से भरा बैग भी बरामद हुआ है। पुलिस का कहना है कि मोहम्मद शरीक फरार होने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपित को अदालत में पेश किया जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि हत्या से पहले युवती से दुष्कर्म की भी आशंका है। इसके लिए दोनों के सैंपल फारेंसिक लैब भेजे गए हैं। इसकी पुष्टि होने पर दुष्कर्म की धारा भी जोड़ी जाएगी। पुलिस के अनुसार मोहम्मद शरीक फूड डिलीवरी की नौकरी करता है और वह तीन साल पहले ही चंडीगढ़ आया है। वह लगभग ढाई साल से वह बुड़ैल में किराये के घर में रह रहा है। ममता उसके पड़ोस में अपने परिवार के साथ रह रही थी। इसी दौरान दोनों की मुलाकात हुई। फिर दोनों में दोस्ती हुई, जो बाद में प्रेम में बदल गई।
ये भी पढ़ें : दिल्ली के पालम इलाके में युवक ने की पिता-दादी समेत परिवार के 4 सदस्यों की हत्या, ड्रग एडिक्ट है आरोपी
