Kanpur: रोडवेज में स्क्रीन पर जान सकेंगे बसों की जानकारी, Jhakarkati, Chunniganj, Signature बस अड्डे किए गए शामिल
कानपुर में अब बस अड्डे में यात्रियों को नहीं होगी परेशानी।
कानपुर में रोडवेज पर स्क्रीन पर बसों की जानकारी कर सकेंगे। इसमें दो करोड़ से ज्यादा के बजट से चार बस अड्डों पर सुविधा दी जाएगी। झकरकटी, चुन्नीगंज, सिग्नेचर और फतेहपुर बस अड्डे को शामिल किया गया है।
कानपुर, अमृत विचार। Kanpur News रोडवेज परिसर में पूछताछ केंद्र में अक्सर अधिकारी के गायब रहने से यात्रियों को बड़ी असुविधा का सामना करना पड़ता है। उसे बस की जानकारी नहीं हो पाती है और इस वजह से अक्सर उसे गंतव्य तक पहुंचने में मुश्किलें होती है। लेकिन, अब इस समस्या से जल्द ही यात्रियों को छुटकारा मिल जाएगा।
जी हां, परिवहन विभाग जल्द ही एयरपोर्ट और रेलवे की तर्ज पर रोडवेज में भी डिजिटल बोर्ड स्क्रीन की सुविधा देने जा रही है। स्क्रीन पर हर बस के आने जाने की जानकारी दर्ज होगी।
शासन की ओर से यह सुविधा प्रदेश भर के रोडवेजों में देने की योजना है। पहले चरण पर्यटन की दृष्टि से अंतर्राज्यीय बस अड्डों को लिया गया है। इसमें शहर का झकरकटी, चुन्नीगंज और सिग्नेचर बस अड्डा शामिल है तो वहीं फतेहपुर को भी यह सौगात मिल सकेगी।
बताया जाता है कि इन बस अड्डों पर डिजिटल बोर्ड स्क्रीन लगाने में दो करोड़ तक का खर्च आएगा। इन बस अड्डों से करीब एक हजार बसें आती जाती हैं। जबकि, झकरकटी बस अड्डे से छह सौ के करीब बसों का संचालन होता है। कानपुर में प्रतिदिन यात्रियों की संख्या एक से डेढ़ लाख तक पहुंच जाती है।
इतने व्यस्त और भीड़भाड़ वाले बस अड्डों पर डिजिटल बोर्ड स्क्रीन की सुविधा से यात्रियों को बस की जानकारी समय पर हो सकेगी और उनका वक्त भी बचेगा। इसके साथ ही कर्मचारियों की लापरवाही और मनमानी से होने वाली परेशानियों से भी यात्री बच सकेंगे।
दूसरे राज्यों से आने वाले यात्रियों को अक्सर परेशनी होती है। उन्हें बस की जानकारी नहीं होती है, इस वजह से उन्हें भटकना पड़ता है। इसीलिए डिजिटल स्क्रीन बोर्ड लगाने की योजना बनाई गई है।- लव कुमार सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक
