भारत जोड़ो यात्रा से एक नए रूप में सामने आए राहुल गांधी: सीएम गहलोत
जयपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को कहा कि भारत जोड़ो यात्रा से पार्टी नेता राहुल गांधी एक नए रूप में सामने आए हैं। गहलोत ने कहा कि इस यात्रा ने पूरे देश को एक संदेश दिया है और राजस्थान में भी यह यात्रा शानदार रहेगी।
ये भी पढ़ें- RJD ने कहा- उच्चतम न्यायालय की टिप्पणियों से स्पष्ट है कि निर्वाचन आयोग दायित्व का निर्वाह नहीं कर रहा
भारत जोड़ो यात्रा के प्रभाव के बारे में पूछे जाने पर गहलोत ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘भाजपा, सोशल मीडिया ने राहुल गांधी की छवि को धूमिल करने का कुप्रयास किया था, (इस यात्रा से) उसकी धज्जियां उड़ गई हैं। राहुल गांधी नए रूप में सामने आए हैं एक समर्पित, प्रतिबद्ध (नेता के रूप में)।’
यात्रा निकालने के कांग्रेस के फैसले की सराहना करते हुए गहलोत ने कहा, ‘तमाम तरीके से देखें तो यह ऐतिहासिक निर्णय था एआइसीसीसी का। यह खाली कांग्रेस की यात्रा नहीं है, ये देशव्यापी, देश की यात्रा है। यात्रा तमाम लोगों को लेकर चल रही है। इसलिए लोग जुड़ते जा रहे हैं। यह यात्रा संदेश देने वाली यात्रा है।’ गहलोत ने कहा, ‘इस यात्रा ने पूरे मुल्क को संदेश दिया है। और जनता उठ खड़ी हुई है। वक्त बताएगा कि किस प्रकार जनता इन्हें (भाजपा वालों को) किस तरह से जवाब देती है।’
उल्लेखनीय है कि भारत जोड़ो यात्रा के दिसंबर के पहले सप्ताह में राजस्थान पहुंचने का कार्यक्रम है। यात्रा लगभग 20 दिन राजस्थान में रहेगी और राज्य के छह जिलों से होकर गुजरेगी। यात्रा की तैयारियों को लेकर बुधवार को यहां कांग्रेस के 'वार रूम' में बैठक हुई। इसमें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा व अन्य नेता भी मौजूद थे।
ये भी पढ़ें- होशियारपुर: किसान संगठनों ने किया प्रदर्शन, मुख्यमंत्री का पुतला फूंका
