शाहजहांपुर: झंडे और राजनीतिक हथियार के लिए एकजुट हों- डॉ. संजय
निषाद कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं ने योगी के मंत्री ने दिया संदेश
शाहजहांपुर, अमृत विचार। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में मत्स्य मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने कार्यकर्ताओं ने कहा कि पहले डंडे और हथियार से हिस्से मिलते थे, अब झंडे और राजनीतिक हथियार से भागीदारी मिलती है।
इसके लिए उन्होंने एकजुटता का मंत्र बताते हुए कार्यकर्ताओं से कहा कि जिस तरह 2022 में भाजपा को पूर्ण बहुमत में लेकर सत्ता दिलाई, उसी तरह 2024 में केंद्र में भाजपा की पुन: सरकार बनाने के लिए अभी से जुट जाएं। साथ ही नगर निकाय चुनाव में भी हर जगह भाजपा का कमल खिलाने में लग जाएं।
मत्स्य मंत्री ने बुधवार को रेती रोड पर स्थित आशा सेलेब्रेशन मैरिज लॉन में निषाद कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सपा का सफाया हो चुका है। पूर्व सीएम अखिलेश यादव और शिवपाल यादव के करीब आने पर कहा कि अब चाचा और भतीजा चाहें जितना करीब आने की कोशिश कर लें, उनका भला होने वाला नहीं है।
जनता समझ चुकी है कि देश और प्रदेश का विकास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही संभव है। प्रदेश की जनता अब किसी के भी बहकावे में आने वाली नहीं है। आजम खान पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जो जैसा करेगा वैसा भरेगा।
आजम खां आज भर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात चुनाव में वहां का विकास मॉडल के आगे सभी दल पस्त हैं। विपक्षियों की कोई चाल जनता नहीं चलने दे रही है। यही हाल 2024 के चुनाव में भी विपक्षी पार्टियों का होने वाला है। कार्यकर्ता सम्मेलन को निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष नीरज कश्यप और सह मंडल प्रभारी रामबाबू कश्यप ने भी संबोधित किया।
शिकायत पर तत्काल हो कार्रवाई: मंत्री
तालाबों, पोखरों पर अवैध कब्जे और निर्माण होने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि अवैध कब्जों को लेकर सरकार कापी गंभीर है। उन्होंने अफसरों को सख्त चेतावनी दी कि जहां भी तालाबों पर कब्जे की शिकायत आए, उसमें सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। कहा कि योगी ने बड़े स्तर पर अवैध कब्जेदारों के खिलाफ कार्रवाई कराई है।
प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस और सपा पर जमकर बरसे मत्स्य मंत्री
प्रदेश सरकार में मत्स्य मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने मीडिया से रूबरू होते हुए कांग्रेस पर हमला जमकर बोला। कहा कि जनता कांग्रेस को पहचान चुकी है। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा से कुछ लाभ होने वाला नहीं है। कांग्रेस को जनता पहले ही पैदल कर चुकी है, अब राहुल के पैदल चलने से कोई फायदा नहीं है।
प्रेस कांफ्रेंस में मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में सभी वर्गों का लाभ हुआ है। बोले, योगी सरकार ने मछुआरों के लिए 20 हजार करोड़ का बजट जारी है, जिसके बाद से बड़े पैमाने पर मछली उद्योग प्रदेश में शुरू हुआ है। मंत्री बोले, बीजेपी राजनीति नहीं बल्कि सेवा भाव का काम करती है।
भाजपा सभी जाति और धर्मों को लेकर चलती है, इसी वजह से आज सभी धर्म-जाति के लोग भाजपा के साथ है। आगामी चुनावों में भाजपा की फिर सरकारी बनेंगी। कहा कि कुछ लोग कहते हैं कि भाजपा में मुस्लिमों की अनदेखी की जाती है, लेकिन ऐसा नहीं है।
मुस्लिमों को बड़े पैमाने पर आवास सहित अन्य योजनाओं का लाभ दिया गया है। इसी वजह से बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग भाजपा के साथ है। प्रेसवार्ता के दौरान विदेशी थाई मांगुर मछली की बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही।
