रायबरेली: उन्नाव में 10 लाख के पान मसाला लूटकांड का जिले की पुलिस ने किया खुलासा, चार गिरफ्तार
अमृत विचार,रायबरेली। चार दिन पहले उन्नाव जनपद के मौरावा थाना क्षेत्र में पान मसाला लड़ी पिकअप से हुई लूट की घटना का रायबरेली पुलिस ने खुलासा कर दिया है ।घटना में शामिल चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार करके उनके पास से लूटी गई पिकअप, पान मसाला और घटना में प्रयुक्त कार को बरामद किया गया है। यह घटना लखनऊ के एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करने वाले कर्मचारियों द्वारा की गई है। लूटी गई पिकअप भी इसी कंपनी से संबंधित है ।
ज्ञात हो कि बीती 20 नवंबर की रात लखनऊ से पान मसाला लादकर एक पिकप चित्रकूट के भरतकूप जा रही थी। जिसे उन्नाव जनपद के मौरावां थाना क्षेत्र के जंगल में कार सवार बदमाशों ने लूट लिया था। इस पिकप के करीब दस लाख का पान मसाला लदा हुआ था। घटना के बाद पिकप चालक राम सहाय को रायबरेली जनपद के गुरुबक्स गंज थाना क्षेत्र में फेंक दिया था।
गुरुवार को पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि लखनऊ की न्यू गटोरा स्थित श्री गंगा ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करने वाले चालक का एक संगठित गिरोह है। जो कंपनी के मुंशी से साठगांठ करके माल लदी गाड़ियों को टारगेट करते हैं। पुलिस ने इसमें सतनाम उर्फ बट्टा निवासी गोमीखेड़ा थाना गुसाईगंज लखनऊ, उमेश कुमार उर्फ बड़े निवासी गढ़ी का पुरवा थाना गुसाईगंज लखनऊ,लवकुश निवासी गोमीखेड़ा थाना गुसाईगंज लखनऊ,आदित्य कुमार यादव निवासी जोराबर खेड़ा बहादुर नगर थाना शिवगढ़ को मिल एरिया कोतवाली क्षेत्र के शारदा नहर पटरी खसपरी के पास से गिरफ्तार किया है।
घटना के बारे में एसपी ने बताया सतनाम श्री गंगा ट्रांसपोर्ट कम्पनी न्यू गटौरा लखनऊ मे ड्राइबरी का काम करता था। इस कम्पनी मे कई अन्य गाड़िया भी है। ये सभी गाड़िया नादरगंज इंडस्ट्रियल एरिया सरोजनी नगर लखनऊ स्थित जयश्री ट्रेडिंग कम्पनी मे पान मसाला सप्लाई,ढुलाई के काम मे लगी है। वह अपने साथियों के साथ 20 नवम्बर को श्रीगंगा ट्रांस्पोर्ट कम्पनी के वाहन के चालक रामसहाय द्वारा भरतकूप(चित्रकूट) ले जा रहे पान मसाला को लूटने की योजना बनाई, इस योजना मे जयश्री ट्रेडिंग कम्पनी का मुंशी साजन भी सम्मिलित था। बताया ही चित्रकूट जा रही पिकप के बारे में सूचना दी गई थी।
यह जानकारी होने पर वह अपने साथियों के साथ गोसाईगंज लखनऊ मे एकत्रित होकर वहा से लवकुश की महेन्द्रा लोगान कार से कालूखेड़ा के पास सडक किनारे खडे हो गये।थोड़ी देर बाद माल लदा वाहन जैसे ही कालूखेड़ा के पास पहुंचा , उन लोगो ने अपनी महिन्द्रा कार को माल लदे वाहन के पीछे लगा दिया। मौरावां कस्बा क्रास करने के बाद जब पीकप गाडी सूनसान इलाके मे पहुची तो कार को माल लदे वाहन के आगे लगाकर रोक दिया और विशाल व धर्मेन्द्र ने माल लदे वाहन के चालक को कब्जे मे लेकर अपनी कार मे बिठाकर काफी आगे ले जाकर सूनसान जगह पर छोड़ दिया और पान मसाला की गाडी लेकर हम लोग चले गये। एसपी ने घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को इनाम देने की घोषणा की है।
