अयोध्या: टंकी तो बन गई पर नसीब नहीं हो रहा पीने का पानी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, सोहावल /अयोध्या। तहसील परिसर में शुद्ध पेयजल के लिए डेढ़ करोड़ की लागत से पानी की टंकी तो बना दी गई लेकिन आज तक पाइप लाइन नहीं बिछाई जा सकी। जिसके कारण लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। बीते तीन वर्षों से यह पानी की टंकी शो पीस बनी हुई है। इसी समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन के नेताओं ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा है। 

भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश सचिव फरीद अहमद ने तहसील परिसर में बनाई गई पानी की टंकी को चालू कराने को लेकर ज्ञापन सौंपा है। उनका कहना है कि इस संबंध में जब अधिकारियों से बात की गई तो पता चला कि तीन साल पहले शुद्ध पेयजल व स्वच्छता अभियान के तहत अधिवक्ताओं और वादकारियों की तरफ से पानी की व्यवस्था कराने के लिए शासन से मांग की गई थी। जिसके बाद जल निगम को  डेढ़ करोड़ का बजट भी मिला और उसके बाद टंकी लगाने का काम शुरू हुआ। 

तहसील परिसर में टंकी बना दी गई लेकिन विभागीय अधिकारियों व कार्यदायी संस्था की लापरवाही के कारण पाइप लाइन नहीं बिछाई गई, जिसके कारण लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। भाकियू नेता का कहना है कि पुरानी टंकी जर्जर होने के कारण परिसर में पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। भाकियू नेताओं ने जल्द से जल्द पानी की टंकी को व्यवस्थित पर पानी उपलब्ध कराए जाने की मांग की है।

संबंधित समाचार