मुरादाबाद : पति ने छोड़ा दामन, ससुरालियों ने किया तिरस्कार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दहेज के दानव ने महिला का जीवन किया बर्बाद, सिविल लाइंस थाने में पति व ससुरालियों पर केस

मुरादाबाद, अमृत विचार। पांच वर्ष पहले अंतरजातीय प्रेम विवाह करने वाली महिला का दामन पति ने छोड़ दिया है। ससुरालियों के तिरस्कृत बर्ताव की शिकार पीड़िता फिलहाल मायके में है। पीड़िता की गुहार पर सिविल लाइंस पुलिस ने बिजनौर के रहने वाले पति व ससुरालियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में हरथला की रहने वाली अंजली के मुताबिक पांच वर्ष पहले बिजनौर के रहने वाले रजनीश कुमार पाल पुत्र श्रवण कुमार पाल निवासी चाकरपुर थाना धामपुर से उन्होंने अतंरजातीय विवाह किया। शादी के कुछ समय बाद ही पति रजनीश कुमार, सास उर्मिला, ससुर श्रवण कुमार, जेठ दिनेश कुमार व भानू प्रताप, जेठानी अनुराधा का बर्ताव अचानक बदल गया। दहेज के रूप में मायके से पांच लाख रुपये लाने का दबाव बनाते हुए आरोपी बेघर करने की धमकी देने लगे। 11 जून को पीड़िता ने धामपुर थाने में तहरीर दी।

पुलिस का दबाव बढ़ते ही आरोपी बैकफुट पर आ गए। समझौते का दबाव बनाकर उन्होंने शिकायती पत्र वापस करा लिया। समझौते के बाद भी ससुरालियों के तेवर नहीं बदले। पति रजनीश व दूधमुंहे बच्चे के साथ आरोपियों ने महिला को बेघर कर दिया। तब दंपत्ति बच्चे समेत हरिद्वार चले गये। वहां रजनीश को काम नहीं मिला। थक हारकर दंपत्ति वापस घर लौट आए। दंपत्ति को देख ससुराली भड़क गए।

आए दिन वह दंपत्ति से मारपीट करने लगे। आठ सितंबर को सास उर्मिला ने गर्भवती अंजली के पेट पर लात मार दिया। महिला का गर्भपात हो गया। पति भी ससुरालियों के पाले में खड़ा हो गया। रक्षाबन्धन के मौके पर वह मायके लौट आई। मां-बाप से अंजली ने आपबीती बताई। फिर एसएसपी को तहरीर देकर पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाई। एसएसपी के आदेश पर सिविल लाइंस पुलिस ने आरोपी ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

ये भी पढ़ें:- संभल: आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर पथराव, तीन पुलिसकर्मी घायल

संबंधित समाचार