IND vs NZ 1ST ODI : टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को दिया 307 रनों का लक्ष्य 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भारत के लिए श्रेयस अय्यर ने सबसे ज्यादा 80 रन, जबकि कप्तान शिखर धवन ने 72 रन का योगदान दिया

ऑकलैंड। भारत ने तीन मैचों की श्रृंखला के शुरुआती एकदिवसीय में शुक्रवार को यहां न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 306 रन बनाये। भारत के लिए श्रेयस अय्यर ने सबसे ज्यादा 80 रन, जबकि कप्तान शिखर धवन ने 72 रन का योगदान दिया। वहीं शुभमन गिल ने 50 रन का योगदान दिया। न्यूजीलैंड के लिए लॉकी फर्ग्यूसन और टिम साउदी ने तीन-तीन विकेट लिए।

ईडन पार्क में टॉस हार कर पहले बल्लेबाजी करने उतरी शिखर और शुभमन की सलामी भारतीय जोड़ी ने कीवी गेंदबाजी आक्रमण का साहस के साथ सामना किया और पहले विकेट के लिए उपयोगी 124 रन जोड़े। दोनों के आउट होने के बाद भारत ने ऋषभ पंत (15) और विस्फोटक बल्लेबाज सूर्य कुमार यादव (4) के तौर पर दो विकेट जल्दी गंवा दिए, जिसका असर रनों की रफ्तार पर पड़ा। मगर एक छोर संभाले श्रेयस अय्यर ने नये बल्लेबाज संजू सैमसन के साथ मिल कर 94 रनों की एक महती साझेदारी निभाई जिसकी बदौलत टीम मेजबान को 307 रनों का विजयी लक्ष्य देने में सफल रही। टी-20 विश्वकप में अपनी शानदार गेंदबाजी की छाप छोड़ने वाले अर्शदीप सिंह और तेज गेंदबाज उमरान मलिक को पहली बार भारत की एक दिवसीय टीम में खेलने का मौका मिला है।

 वहीं न्यूजीलैंड ने क्रिस ब्राउन को अंतिम एकादश में पहली बार शामिल किया है। विस्फोटक बल्लेबाजी के लिये विख्यात सूर्य कुमार यादव आज हालांकि नहीं चले और फर्ग्यूसन की गेंद को उड़ाने के प्रयास में विकेट के पीछे लपके गये मगर एक छोर पर मजबूती से डटे श्रेयस ने संजू सैमसन के साथ मिल कर टीम के स्कोरबोर्ड को चलाना शुरू किया। अंतिम ओवर में साउदी की गेंद पर आउट होने से पहले श्रेयस टीम के स्कोर को 300 रनों पर छुआ चुके थे। छह दिसंबर को अपने 28वें जन्मदिन की तैयारी कर रहे मुबंई के धाकड़ खिलाड़ी ने अपनी उपयोगी पारी में उन्होने 76 गेंदों का सामना किया और चार चौके और चार ही छक्के जड़े। इससे पहले एडम मिलने की गेद पर आउट होने वाले संजू ने 38 गेंदों पर 36 रन की पारी खेली। 

इससे पहले कप्तान शिखर ने 77 गेंदो पर 13 चौकों की मदद से 72 रन बनाये जबकि शुभमन ने अपना अर्धशतक 65 गेंदो पर एक चौके और तीन जानदार छक्कों की मदद से पूरा किया। हालांकि, 24 वें ओवर में शुभमन लॉकी फर्ग्यूसन की गेंद पर स्कावयर लेग पर खड़े डेवोन कॉनवे के हाथों लपके गये। गिल के आउट होने के बाद शिखर की भी एकाग्रता भंग हुयी और अगले ही ओवर में वह टिम साउदी की बाहर जाती गेंद पर बल्ला अड़ा बैठे और गेंद फिल एलन के दस्तानो में समा गई। 

दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत :
 शिखर धवन (कप्तान), शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), संजू सैमसन, वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, उमरान मलिक, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल।

न्यूजीलैंड : फिन एलन, डेवोन कॉनवे, केन विलियमसन (कप्तान), टॉम लैथम (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, मिचेल सेंटनर, एडम मिल्ने, टिम साउदी, मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन।

 

न्यूजीलैंड ने टॉस जीत बॉलिंग चुनी
पहले वनडे में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बैटिंग करने का न्योता दिया है। भारत की ओर से उमरान मलिक और अर्शदीप सिंह को डेब्यू करने का मौका मिला है।

ये भी पढ़ें :  FIFA World Cup 2022 : नेमार चोटिल, रिचर्लिसन ने दागे दो गोल...ब्राजील ने सर्बिया को दी करारी शिकस्त 

 

संबंधित समाचार