मुरादाबाद : डिवाइडर से टकरा कर पलटी अमरोहा डिपो की बस, मची अफरातफरी
शहर में हरिद्वार हाईवे पर हुआ हादसा, बाल बाल बचे रोडवेज कर्मियों की जान
मुरादाबाद,अमृत विचार। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सुबह अमरोहा डिपो की एक बस हरिद्वार हाईवे पर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में बस चालक को गंभीर चोट आई। रोडवेज के तीन से चार कर्मचारियों की जान बाल बाल बच गई। हरिद्वार हाईवे पर बस पलटने से करीब एक घंटे तक अफरातफरी मची रही।
सिविल लाइंस थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह के मुताबिक अमरोहा डिपो की बस नंबर यूपी 30 एटी 1652 शुक्रवार को सुबह बिजनौर से मुरादाबाद जा रही थी। सुबह करीब साढ़े छह बजे अमरोहा डिपो की बस सिविल लाइन थाने की आशियाना चौकी के सामने पहुची थी। तभी बस चालक को झपकी आ गई। झपकी से अनियंत्रित बस हाईवे के डिवाइडर पर चढ़ कर पलट गई। तेज आवाज के साथ बस पलटने से हाईवे पर अफरातफरी मच गई। चीख पुकार के बीच पुलिस कर्मी व राहगीर बस सवारों को बचाने में जुटे।
आशियाना चौकी प्रभारी सौरभ त्यागी के मुताबिक हादसे में बस चालक गुलफाम निवासी छजलैट के पैर में गंभीर चोट आई। उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल भेजा गया। जबकि बस में सवार पांच अन्य लोग भी रोडवेज कर्मी थे। उन्हें मामूली चोटें आई। पूछताछ में पता चला कि अमरोहा डिपो की बस शाहजहांपुर जा रही थी। हादसे की सूचना तत्काल मुरादाबाद रोडवेज के अधिकारियों को दी गई। रोडवेज के अधिकारियों ने मोके पर क्रेन भेजा। डेढ़ घंटे तक कड़ी मशक्कत के बाद हरिद्वार हाइवे पर आवागमन सुगम हो सका।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : सेल्स मैनेजर से तमंचे के बल पर 25000 की लूट, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
