बहराइच: अल्टीमेटम के बाद कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठे अधिवक्ता, अभी भी पुलिस पकड़ से दूर आरोपी
अमृत विचार, बहराइच। दरगाह थाना क्षेत्र में 16 नवंबर को घर के सामने अधिवक्ता को अज्ञात बदमाश ने गोली मार दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। लेकिन 10 दिन बाद भी अधिवक्ता के हमलावर आरोपी को पुलिस नहीं पकड़ सकी है। जिस पर शुक्रवार को बार एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ता कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठ गए हैं। सभी पुलिस के विरुद्ध नारेबाजी कर रहे हैं।
दरगाह थाना क्षेत्र के मोहल्ला बक्शीपुरा निवासी जिला बार एसोसिएशन के अधिवक्ता अशोक मिश्र 16 नवंबर को घर के बाहर निकले थे। रात दो बजे अज्ञात बदमाश ने गोली मार दी थी। पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया था। जबकि घायल वकील का इलाज लखनऊ में चल रहा है।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: एक ही रात में चोरों ने तीन घरों को बनाया निशाना, लाखों का माल किया पार
इसके लिए दो दिन पूर्व बार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष गया प्रसाद मिश्रा और महामंत्री पुष्पांजलि नाथ मिश्रा ने धरना की अगुवाई में वकीलों ने धरना दिया था। साथ ही दो दिन में आरोपी के गिरफ्तारी की मांग की थी। समय बीत जाने के बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है।
जिस पर शुक्रवार को वकील कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठ गए। सभी आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। धरने में पूर्व अध्यक्ष राम नारायण मिश्रा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा, धनुषधारी चौरसिया, आलोक कुमार शुक्ला, प्रशांत कुमार, पंकज मिश्रा, धर्मेंद्र कुमार, दिलीप श्रीवास्तव, संतोष कुमार, विजय कुमार उबैद अहमद समेत अन्य शामिल हैं।
