देहरादून: मौसम रहेगा शुष्क, मैदान में छाएगी धुंध तो पहाड़ में खिलेगी धूप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देहरादून, अमृत विचार। प्रदेश में आने वाले सप्ताह में तापमान तो गिरेगा लेकिन पहाड़ों में मौसम का मिजाज चटक रहने वाला है। मैदानी क्षेत्रों में अधिकतर स्थानों पर धुंध छाने की प्रबल संभावना है तो वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड केवल और सुबह और शाम के वक्त ही चरम पर होगी दिन भर चटक धूप के साथ रात को पाला भी जमकर पड़ेगा। 

मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों पर नजर डालें तो शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 26.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 10.1 डिग्री सेल्सियस रहा। हल्द्वानी के न्यूनतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। अधिकतम तापमान में दो डिग्री का उछाल देखा गया। नैनीताल का न्यूनतम पारा जरूर नीचे आया है।

इसी तरह मसूरी का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 21.8 व न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस, मुक्तेश्वर का अधिकतम 17.3 व न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ फिलहाल मंद पड़ा हुआ है। जिससे आने वाले चार दिनों में उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना रहेगा। साथ ही बताया कि पहाड़ों में कहीं-कहीं सामान्य से अधिक पाला और मैदानी क्षेत्रों में कोहरा पड़ने से राजय में ठंड बढ़ सकती है। 30 नवंबर तक वर्षा होने की कोई संभावना नहीं है।

संबंधित समाचार