मुंबई अटैक : जिले में मुम्बई हमले के शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बहराइच। बहराइच विकास मंच की ओर से 26/11 मुंबई हमले पर शहीद सुरक्षा कर्मियों को मोमबत्ती जलाकर कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सभी ने शहीदों को याद कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता बहराइच विकास मंच के अध्यक्ष हर्षित त्रिपाठी ने की। संरक्षक अनिल त्रिपाठी ने कहा कि 13 साल पहले 26 नवंबर 2008 को हुआ चरमपंथी हमला एक ऐसी पहचान है, जिसे मुंबई कभी अपने नाम नहीं करना चाहता था।

लश्कर-ए-तैयबा के प्रशिक्षित और भारी हथियारों से लैस दस चरमपंथियों ने मुंबई की कई जगहों और प्रतिष्ठित इमारतों पर हमला कर दिया था, जो चार दिन तक चला. मुंबई हमलों में 160 से अधिक लोग मारे गए थे।

 अध्यक्ष हर्षित त्रिपाठी ने कहा कि साल 2008 की 26 नवंबर की उस रात को एकाएक मुंबई गोलियों की आवाज़ से दहल उठी थी। हमलावरों ने मुंबई के दो पाँच सितारा होटलों, एक अस्पताल, रेलवे स्टेशनों और एक यहूदी केंद्र को निशाना बनाया था।

समाजसेवी रमेश मिश्रा ने कहा कि ताजमहल होटल के गुंबद में लगी आग आज भी लोगों के मन मस्तिष्क पर छाई हुई है।  गोलीबारी और धमाकों के बीच मुंबई शान को भी ठेस पहुंचाई गई थी। इस मौके पर प्रमोद तिवारी, सोनू,अमजद, राजन यादव, दिलीप कुमार, विश्वास, आदिल शाह,वीरेंद्र सिंह, अमित मिश्र, अनिल कुमार, राहुल सिंह लोग मौजूद रहे।

संबंधित समाचार