रामपुर : उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आजम पर साधा निशाना, बोले बहा रहे घड़ियाली आंसू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुसलमानों का साथ पाकर गद्गद् नजर आए भाजपा नेता, सबका साथ-सबका विकास के मंत्र से लोगों को किया मंत्रमुग्ध, केंद्र और प्रदेश सरकार की तमाम योजनाओं को गिनाया

रामपुर, अमृत विचार। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पूर्व मंत्री आजम खां पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अब घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं। कहा कि वह दो दिन से मीडिया के माध्यम से एक अभिनय देख रहा हूं। कहा कि घड़ियाली आंसू इस लिए बहना शुरू हुए हैं कि रामपुर विधानसभा जिसको आजम खां अपनी जागीर समझते थे कोर्ट के आदेश के बाद उनकी विधायकी चली गई और इसे अब भी इसे अपनी जागीर बनाए रखना चाहते हैं। कहा कि समाजवादी पार्टी समाप्तवादी पार्टी होती जा रही है। 

कोसी मंदिर रोड स्थित रामलीला मैदान पर सोमवार की दोपहर भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना उर्फ हनी के समर्थन में हुई जनसभा को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह चुनाव कोई साधारण चुनाव नहीं है। कहा कि सपा को टिकट देने से रामपुर का भला होने वाला नहीं है। कहा कि डबल इंजन की सरकार चल रही है इसे चचा-भतीजा मिलकर नहीं रोक सकते। वर्ष 2024 में लोकसभा चुनाव फिर होने वाला है और फिर कमल का फूल खिलेगा।

 कहा कि वर्ष 2019 में सपा-बसपा एक हुए तब सपा का खाता खुला था। लेकिन वर्ष 2022 में रामपुर लोकसभा उप चुनाव में घनश्याम सिंह लोधी ने कमल खिलाया और वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेना के सिपाही बन गए और अब देश की संसद में रामपुर की आवाज को बुलंद करने का काम कर रहे हैं। दावा किया कि मैनपुरी, खतौली और रामपुर में कमल का फूल खिलने जा रहा है। कहा कि पुलिस प्रशासन भाजपा सरकार में निष्पक्षता से काम करता है। सपा शासन में आजम खां दंगा कराने वाले लोगों में गिने जाते थे लोगों को लड़ाने का काम करते थे। 

इनके साथ कोई रहना पसंद नहीं करता था। जबकि, नरेंद्र मोदी की सरकार में सबका साथ-सबका विकास और सबको सम्मान देने का काम कर रही है। कहा कि अल्पसंख्यक बूथों पर कमल खिल रहा है। पांच साल प्रदेश में सरकार रही कोई दंगा नहीं हुआ। सपा सत्ता में होती है तो अपराधी को खोजने के लिए पुलिस नहीं जाती थी बल्कि आजम खां की भैंसे खो जाने पर उन्हें खोजकर आजम खां के घर पहुंचाती थीं। रामपुर की जनता ने बहुत बार आजम खां को जिता दिया एक बार कमल खिलाकर देखिए  फिर सरकार रामपुर को कमल की तरह खिलाने का काम करेगी। कहा कि आज मैंने मीडिया में देखा कि आजम खां कहते हैं कि आत्महत्या करना हराम है अगर हराम नहीं होता तो मैं आत्महत्या कर लेता।

 चुटकी लेते हुए कि इतने मुकदमें चल रहे हैं उसकी जांच चल रही है। न्यायालय के समक्ष मामले विचाराधीन हैं उसमें सजा होगी तो सजा कौन भुगतेगा। कहा कि आजम खां ने हिन्दू-मुसलमान को खून के आंसू रुलाने का पाप किया है और उसकी सजा इस चुनाव में यहां की जनता जरूर देगी। कहा कि आजम खां ने सदैव जहर उगलने का काम किया है भारत माता को डायन कहने का पाप किया है। आजम खां को सबक सिखाने का इससे अच्छा अवसर नहीं मिलेगा। उन्होंने पांच दिसंबर को कमल के बटन दबाने का आह्वान किया। कहा कि मुस्लिम भाजपा की नीतियों और रीतियों से प्रभावित होकर भाजपा के साथ खड़ा हो रहा है। कहा कि उत्तर प्रदेश की सरकार पर रामपुर की सीट हारने-जीतने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। सरकार में 271 विधायक हैं आकाश सक्सेना के जीतने के बाद 272 विधायक हो जाएंगे।

 कहा कि वर्ष 2019 में सपा-बसपा का गठबंधन नहीं होता तो सपा का खाता भी नहीं खुलता। बोले- रामपुर के बहुत अच्छे लोग हैं और भाजपा रामपुर के लोगों की कर्जदार है। कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद कोई दंगा नहीं हुआ किसी का शोषण नहीं हुआ है। कहा कि आज पुलिस से अपराधी डरता है। कहा कि सपा सरकार में योजनाओं में भ्रष्टाचार होता था। कहा कि बहुत गुंडागर्दी थी। सपाइयों का नारा खाली प्लाट हमारा होता था। फिरौती-अपहरण को उद्योग बन गया था। कहा कि गुंडागर्दी समाप्त हुई है। कहा कि लोकसभा उप चुनाव में आसिम राजा को हराया जा चुका है अब पांच दिसंबर को कमल के बटन को दबाएं। कहा कि इसके बाद लखनऊ से विकास के रास्ते खुल जाएंगे। 

कहा कि पांच दिसंबर तक आजम खां बहुत से नाटक दिखाएंगे। कहा कि कुंभ के मेले में भगदड़ मच गई बहुत से लोग मारे गए और जब पता किया गया तो पता चला कि वह अपने बंगले में सो रहे हैं। वर्ष 2019 में कुंभ के मेले में कोई दुर्घटना नहीं हुई। कुंभ में स्नान करने के लिए प्रधानमंत्री ने स्नान किया और स्वच्छता देखकर सफाईकर्मियों को कुर्सी पर बैठाकर उनके चरण धोकर उनको सम्मान देने का काम किया। कहा कि किसी योजना में भेदभाव नहीं किया गया। इस मौके पर सांसद घनश्याम सिंह लोधी, राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, राज्यमंत्री दानिश अंसारी और भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना ने जनसभा को संबोधित किया। संचालन जुगेश अरोरा कुक्कू ने किया।

जौहर विश्वविद्यालय बनाने के लिए गरीबों की जमीनों पर किया कब्जा
उप मुख्यमंत्री केश्व प्रसाद मौर्य ने कहा कि मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी बनाने के लिए किस प्रकार से गरीबों की जमीनों पर कब्जा कर लिया गया। किस प्रकार से यूनिवर्सिटी कैंपस में गेस्ट हाउस को बंद कर लिया गया। किस प्रकार से कोसी नदी पर बनने वाले सेतु को अपनी सुविधा के लिए उसका रास्ता मोड़ दिया गया। कहा कि सपा की साइकिल को हमेशा के लिए पंक्चर कर दीजिए क्योंकि, रामपुर को अब कमल के फूल की जरूरत है। कहा कि लक्ष्मी जी कमल के फूल पर बैठकर आएंगी। कहा कि सदन में अखिलेश यादव अपना आपा खो बैठते हैं और चुनाव में आजम खां अपना आपा खो बैठते हैं। कहा कि कमल के फूल को वोट देकर अंहकारी लोगों के अहंकार को नष्ट कर दीजिए। 

जनसभा में यह रहे मौजूद 
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर, क्षेत्रीय महामंत्री हरीश ठाकुर, पैक्स फेड के अध्यक्ष सूर्य प्रकाश पाल, जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता, जिला प्रभारी राजीव सिसौदिया, जिला पंचायत ख्यालीराम लोधी, अनुसूचित मोर्चा के अध्यक्ष हंसराज पप्पू, कुंवर महाराज सिंह, विधायक राजीव पराना, कांशीराम दिवाकर, ज्चाला प्रसाद गंगवार, बीना भारद्वाज, लक्ष्मी सैनी, जगपाल यादव, भारत भूषण गुप्ता, सुभाष भटनागर, सुनीता सैनी, रविंद्र सिंह रवि, जीसी वर्मा,राजीव मांगलिक।

ये भी पढ़ें:- रामपुर में उप चुनाव, मुरादाबाद में हलचल...आजम खां की प्रतिष्ठा दांव पर

संबंधित समाचार