बरेली: आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में कमी से सर्दी में होगा इजाफा
सुबह धुंध के साथ छाया रहेगा कोहरा, 26.4 अधिकतम तो 11.2 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा
बरेली, अमृत विचार। न्यूनतम तापमान में कमी आने वाले दिनों में भी जारी रहेगी। इससे सर्दी में इजाफा होगा। सुबह के समय धुंध के साथ कोहरा छाया रह सकता है। इससे न्यूनतम तापमान एक से दो डिग्री की कमी के साथ 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है। हालांकि, दिन में मौसम साफ रहेगा। इससे अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही बना रहेगा। सोमवार को जिले में अधिकतम 26.4 तो न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री रहा। 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवाएं चलीं।
इस वर्ष नवंबर में पिछले साल के मुकाबले सामान्य से अधिक ठंड का अहसास होने लगा है। लोग सुबह और शाम फुल स्वेटर पहनने लगे हैं। पिछले साल इन दिनों अधिकतम तापमान 30 व न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस था, लेकिन इस वर्ष अधिकतम 26 तो न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों की ओर से इसके पीछे दिन में धूप निकलना बताया जा रहा है।
वहीं, 30 नवंबर तक मौसम साफ रहेगा। दिसंबर के पहले सप्ताह में बादल रहने के आसार है। जिससे ठंड बढ़ेगी। 30 दिसंबर के बाद से ही न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट होगी। पंतनगर यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक डा. आरके सिंह ने बताया कि अभी नवंबर में मौसम साफ रहेगा, लेकिन दिसंबर की शुरुआत से ही 7-8 डिग्री न्यूनतम तापमान रहने के आसार हैं। वहीं, इस दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है। वहीं धुंध छाई रहेगी।
आने वाले सात दिनों का पूर्वानुमान
दिन अधिकतम न्यूनतम तापमान
- बुधवार 26.0 11.0
- गुरुवार 25.0 10.0
- शुक्रवार 25.0 10.0
- शनिवार 26.0 10.0
- रविवार 26.0 10.0
- सोमवार 25.0 10.0
ये भी पढ़ें- बरेली: ठंड में गर्मी का एहसास दिलाएगा सन हीटर, जानें क्या है कीमत
