अमृत सरोवरों का विकास हमारी प्राथमिकता : केशव प्रसाद मौर्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने योजनाओं के लाभार्थियों के चयन में पारदर्शिता बरते के दिए निर्देश

मुरादाबाद, अमृत विचार। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को मूंढापांडे हवाई पट्टी के सभाकक्ष में ग्राम्य विकास एवं समग्र ग्राम विकास, ग्रामीण अभियंत्रण खाद्य प्रसंस्करण, मनोरंजन कर, सार्वजनिक उद्यम एवं राष्ट्रीय एकीकरण विभाग के अधिकारियों संग बैठक की। अभियान चलाकर चकमार्ग कब्जा मुक्त कराने और अमृत सरोवरों के विकास कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। चकमार्ग के विवादों के निपटाने के लिए अभियान चलाएं। 

मौर्य ने चकबंदी वाले गांवों में उच्चाधिकारियों को भ्रमण कर लोगों का शोषण करने से बचाने की नसीहत दी। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के चयन में पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए। जन प्रतिनिधियों के द्वारा अग्रसारित किए प्रार्थना पत्रों की अनदेखी पर नाराजगी जताई। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत समूह की जानकारी ली और समूह संचालकों से विशेष उत्पाद बनाने के लिए कहा। जिससे स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान मिल सके।  तहसील, ब्लॉक और थाना स्तर पर भी अधिकारियों को ध्यान देने के लिए कहा। बिजली चोरी रोकने के लिए कार्यों की निगरानी और थानों पर ध्यान देने पर जोर दिया। उप मुख्यमंत्री ने मूंढापांडे विकास खंड के भदासना में अमृत सरोवर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने आवास योजना के लाभार्थियों को चाबी और एनआरएलएम के अंतर्गत समूह को सीसीएल चेक भी बांटे।

मुख्यमंत्री से लोकार्पण-शिलान्यास की तैयारी
मुरादाबाद। नगर निगम प्रशासन दो दिसंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर तैयारी में जुट गया है। उनसे एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, चार्जिंग स्टेशन आदि के लोकार्पण की चर्चा है। हालांकि निगम प्रशासन अभी अंतिम रूप देने में लगा है। चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले निगम प्रशासन चल रही योजनाओं को पूरा कराने और कई महत्वपूर्ण योजनाएं जो पूरी हो चुकी हैं, उनका लोकार्पण और कई नए कार्यों का शिलान्यास कराने में लगा है। पीलीकोठी स्थित नगर आयुक्त के शिविर कार्यालय परिसर में दो करोड़ रुपये की लागत से बने एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम भवन और 200 करोड़ से उसमें लगे तकनीकी संसाधन, जिससे पूरे शहर की निगरानी सीसीटीवी कैमरे से होगी, बनकर तैयार है। लोकार्पित कराने की संभावना है।

ये रहे मौजूद
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा, मुख्य विकास अधिकारी सुमित यादव, परियोजना निदेशक सतीश प्रसाद मिश्र, पुलिस अधीक्षक यातायात अशोक कुमार, विधान परिषद सदस्य गोपाल अंजान, डॉ.विशेष गुप्ता, नगर मजिस्ट्रेट ज्योति सिंह, उप जिलाधिकारी सदर प्रशांत तिवारी, जिला विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अभियंता आरईएस, खाद्य प्रसंस्करण विभाग के अधिकारी आदि मौजूद रहे।

सड़कों और गोशाला निर्माण में गुणवत्ता पर दें ध्यान
उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत सड़कों को बनाने में अधिशासी अभियंता आरईएस को गुणवत्ता के साथ कार्य समय से पूरा करने के लिए कहा। आरईएस के द्वारा किए जा रहे गोशाला निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के सर्वोच्च प्राथमिकता वाली योजनाओं में ढिलाई और लापरवाही बरतने वाले अधिकारी नपेंगे। उन्होंने कहा, लापरवह अधिकारी समय से सुधार करें।

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद: गोकशी की आरोपी महिला समेत तीन पर लगाया गैंगेस्टर

संबंधित समाचार