FIFA World Cup 2022 :'Save Ukraine...', रंग बिरंगा ध्वज लिए विश्व कप मैदान में उतरा दर्शक, देखें तस्वीरें

कतर ने कहा है कि विश्व कप में समलैंगिकों समेत सभी का स्वागत है, लेकिन आगंतुकों को मेजबान देश की तहजीब का सम्मान करना होगा

FIFA World Cup 2022 :'Save Ukraine...', रंग बिरंगा ध्वज लिए विश्व कप मैदान में उतरा दर्शक, देखें तस्वीरें

लुसैल (कतर)। कतर में पुर्तगाल और उरुग्वे के बीच फीफा विश्व कप मैच के दौरान एक प्रदर्शनकारी रेनबो फ्लैग लेकर और नीले रंग की सुपरमैन टी-शर्ट पहने मैदान में घुस गया। प्रदर्शनकारी की टी-शर्ट पर आगे 'सेव यूक्रेन' (यूक्रेन को बचाओ) और पीछे 'ईरानी महिलाओं के लिए सम्मान' (Save Ukraine, Respect for Iranian women..LGBTQ+) लिखा था। इस दौरान सुरक्षा अधिकारियों ने उसे पकड़ लिया और बाहर ले गए। इससे पहले उसने झंडा जमीन पर रख दिया था। रैफरी ने बाद में झंडा उठाकर साइड में रखा जहां से कर्मचारी उसे उठाकर ले गए।  गौरतलब है, यह घटना मैच के दूसरे हाफ के दौरान हुई थी। 

फीफा के मीडिया अधिकारी थियरी डि बेकर ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है कि बाद में दर्शक का क्या हुआ। स्थानीय आयोजकों ने कोई टिप्पणी नहीं की। टूर्नामेंट के पहले सप्ताह में सात यूरोपीय टीमों को रंग बिरंगा 'वन लव' आर्मबैंड पहनने की अनुमति नहीं दी गई। कुछ प्रशंसकों ने शिकायत की कि उन्हें एलजीबीटीक्यू अधिकारों की परिचायक रंग बिरंगी चीजें मैदान में ले जाने की अनुमति नहीं मिल रही है। 

कतर के नियमों पर बहस
समलैंगिकता और एलजीबीक्यूटी लोगों के साथ बर्ताव को लेकर कतर के नियमों पर काफी बहस हो रही है। कतर ने कहा है कि विश्व कप में समलैंगिकों समेत सभी का स्वागत है लेकिन आगंतुकों को मेजबान देश की तहजीब का सम्मान करना होगा। 

ब्रूनो फर्नांडिस ने क्या कहा?
उरूग्वे के खिलाफ दो गोल करने वाले पुर्तगाल के मिडफील्डर ब्रूनो फर्नांडिस ने कहा कि उनका मैच पर इतना फोकस था कि वह समझ नहीं सके कि प्रदर्शनकारी क्या संदेश देना चाहता है । उन्होंने कहा कि उन्हें लगा कि वह क्रिस्टियानो रोनाल्डो के साथ तस्वीर लेने आया है । उन्होंने कहा ,'मैंने नहीं देखा कि उसका क्या संदेश था लेकिन हम इस बारे में कई बार बोल चुके हैं । हम मानवाधिकारों का सम्मान करते हैं लेकिन ये राजनीतिक मसले हैं और इनको लेकर हम कुछ नहीं बदल सकते।'

ये भी पढ़ें :  FIFA World Cup 2022 : फ्रांस, ब्राजील के बाद पुर्तगाल भी प्री-क्वार्टर फाइनल में, उरूग्वे को 2-0 से हराया, फर्नांडीस ने दागे दो गोल