बांदा : समझौता न करने पर दंपती पर झोंका फायर, बाल-बाल बचे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार,बांदा। तारीख करके वापस लौट रहे बाइक सवार दंपती को एक्सप्रेस-वे में पीछे से दो बाइकों में सवार होकर आए चार लोगों ने घेर लिया और मुकदमा वापसी की धमकी देने लगे। मना करने पर दबंगों ने उन पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। वह लोग बाल-बाल बच गए। पीड़ित का आरोप है कि घटना की जानकारी बिसंडा पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। 

बिसंडा थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले युवक ने बताया कि कुछ दिन पहले गांव के ही व्यक्ति ने उसकी पत्नी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। उसे जेल भेज दिया गया। लेकिन आरोपी जमानत पर बाहर है। मंगलवार को वह अपनी पत्नी के साथ बांदा तारीख करने आया हुआ था।

शाम को तारीख करने के बाद दोनो लोग बाइक में बैठकर वापस गांव जा रहे थे, तभी एक्सप्रेस-वे पर दो बाइकों में सवार होकर आए चार लोगों ने उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन पर एक युवक ने तमंचे से फायर कर दिया, लेकिन दंपति बाल-बाल बच गए। पीड़ित का कहना था कि आरोपी उसे मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे थे। पीड़ित ने घटना की जानकारी बिसंडा थाने में दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उसने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।

संबंधित समाचार