सर्वे में खुलासा : 835 में से 585 ग्राम पंचायतों में बने ही नहीं खेल मैदान, 272 ग्राम पंचायतों में हो सकी सुविधा
अमृत विचार, अयोध्या । ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में खेल मैदान बनाए जाने थे। इसके बावजूद जनपद की 585 ग्राम पंचायतों में खेल मैदान नहीं बनाए गए हैं। इसका खुलासा जिला प्रशासन की ओर से पंचायतों में खेल मैदान को लेकर कराए गए सर्व के दौरान हुआ है। ऐसे में शासन की तमाम कोशिशों के बावजूद ग्राम पंचायतों की उदासीनता के चलते क्षेत्र की प्रतिभाएं सामने नहीं आ रहीं हैं।
जिले के कुल 11 ब्लाकों में कुल 835 ग्राम पंचायतें हैं। इन सभी ग्राम पंचायतों में बीते वर्ष ही खेल मैदान बनाए जाने के निर्देश दिए गए थे। साल भर बीतने के बाद भी जिले की 585 ग्राम पंचायतों ने खेल मैदान बनाने में रुचि नहीं दिखाई।
सर्वे में सामने आया है कि रुदौली ब्लाक क्षेत्र की 45, बीकापुर की 70, मिल्कीपुर, 52,मया ब्लाक की 65, पूराबाजार की 22, मसौधा की 18 पंचायतों में ही खेल मैदान बने हैं जबकि शेष अन्य पांच ब्लाकों की ग्राम पंचायतों में एक भी खेल मैदान नहीं बना है। इन ब्लाकों की पंचायत में अभी तक ग्राम पंचायत निधि से खेल मैदान तैयार कराने काम शुरू नहीं हो पाया है। जबकि शासन-प्रशासन की तरफ से मनरेगा के माध्यम से भी खेल मैदान तैयार कराने में मदद कराने का प्रावधान है। आरोप है कि कहीं पर जमीन की उपलब्धता नहीं हो पा रही है तो कहीं पर ग्राम पंचायतों की उदासीनता के चलते इन खेल मैदानों का निर्माण कार्य अटक गया है। सीडीओ अनीता यादव ने इसे लेकर कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी संबधित ब्लाकों के पंचायत सचिवों से जवाब तलब किया है। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर ग्राम पंचायतों में खेल मैदान तैयार कराने के निर्देश दिए हैं।
खेल मैदान पर बना लिया घर, बांध रहे जानवर
पूराबाजार ब्लाक की ग्राम पंचायत नरायनपुर में खेल मैदान की भूमि पर ही कब्जा हो गया है। गांव के ही एक व्यक्ति ने खेल मैदान के जमीन के कब्जा करके घर बना लिया गया है। वहां जानवर बांधे गए हैं और घूरगड्डा लगाया गया है। इतना ही नहीं खेल मैदान से ही मार्ग बनाया गया है। खसरा गाटा संख्या 129 खेल मैदान की भूमि के रूप में दर्ज है। प्रधान राजेश कोरी ने बताया कि खेल मैदान पर अवैध कब्जे की शिकायत खंड विकास अधिकारी पूरा बाजार एडीओ पंचायत पूरा बाजार से किया गया है फिर भी अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है ग्राम पंचायत सचिव सौरभ सिंह का कहना है कि कब्जा हटवाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।
