बहराइच: तेंदुए के हमले में किशोर की मौत, लकड़ियां लेने गया था जंगल 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बहराइच। चकिया रेंज के जंगल में लकड़ी लेने गए किशोर को तेंदुए ने निवाला बना लिया। बुधवार को उसका शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। वन कर्मियों ने मौके का मुआयना कर तेंदुए के हमले में मौत की बात कही है।

रूपईडीहा थाना क्षेत्र के माधोपुर निदौना गांव के लोग मंगलवार को लकड़ी लाने बहराइच वन प्रभाग के चकिया रेंज के जंगल में गए थे। गांव निवासी अरमान (13) पुत्र इब्राहीम भी लोगों के साथ गया था। लकड़ी इकट्ठा करने के दौरान किशोर को तेंदुए जंगल के और अंदर खींच ले गया। साथियों ने तलाश की, लेकिन कुछ पता न लगने पर गांव के अन्य लोग लकड़ी लेकर अपने अपने घर पहुंच गए। जबकि अरमान घर नहीं पहुंचा। इस पर परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ खोजबीन शुरू की। बुधवार को किशोर का शव जंगल में मिला। इस पर परिवार के लोग रोने लगे। उसके शरीर पर तेंदुए के हमले के निशान थे। घटना की जानकारी वन विभाग को मिली। वन क्षेत्राधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मुआवजे की कार्यवाई की जायेगी।

एक सप्ताह से दिख रहे बाघ और तेंदुए
बहराइच वन प्रभाग में तेंदुओं की संख्या नहीं थी। लेकिन अब कतरनियाघाट वन्यजीव प्रभाग से तेंदुए बहराइच वन प्रभाग में पहुंच गए हैं। एक सप्ताह से तेंदुआ दिख रहा है। अभी तीन दिन पूर्व सड़क मार्ग पर बाघ भी आ गया था। जिसे एसएसबी जावनों ने देखा। साथ ही लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा।

ये भी पढ़ें- रायबरेली: अतिक्रमण की वजह से लगता है जाम , दिन भर सड़क पर रेंगते हैं वाहन

संबंधित समाचार