वाराणसी: जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन के आगे लेटा युवक, मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार वाराणसी। लखनऊ रेल प्रखंड पर बुधवार की सुबह एक युवक जम्मूतवी एक्सप्रेस टेÑन आती देख रुदौली स्टेशन पर ट्रैक पर लेट गया। ट्रेन की चपेट में आकर उसके दोनों पैर कट गए। आरपीएफ ने उपचार के लिए भिजवाया तो घायल युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस पूछताछ के लिए मृतक के घर पहुंची तो परिवार के लोग ताला बंद कर छत पर चढ़े नजर आए। कोई कुछ बताने का तैयार नहीं दिखा। 
   

भेलसर रुदौली संपर्क मार्ग पर मीरापुर मोहल्ला स्थित रुदौली डिग्री कॉलेज के बगल 30 वर्षीय युवक रहमान पुत्र रिजवान अपने परिवार के साथ रहता था। बुधवार की सुबह कोलकाता से जम्मूतवी से जाने वाली सियालदह एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से विलंब से लखनऊ की ओर जा रही थी। सुबह लगभग 10:30 बजे सियालदह एक्सप्रेस रुदौली स्टेशन को पार करने ही वाली थी कि रहमान ट्रैक पर लेट गया। ट्रेन की चपेट में आकर उसके जंघे के नीचे से कटकर दोनों पैर अलग हो गए।

माजरा देख रेल कर्मियों ने सूचना पुलिस व आरपीएफ को दी। आरपीएफ जवानों ने तत्काल घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर देख चिकित्सक प्राथमिक उपचार के बाद उसको जिला अस्पताल रेफर ही कर रहे थे कि युवक ने दम तोड़ दिया। मामले में जीआरपी छानबीन के लिए मृतक के घर पहुंची तो देखा कि परिवार के लोग ताला बंद कर छत पर चढ़े हुए हैं। पुलिस ने नीचे बुलाने और जानकारी हासिल करने की कोशिश की, लेकिन परिवार के लोग टस से मस नहीं हुए। मोहल्ले के सभासद प्रदीप यादव का कहना है कि मृतक की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। 
आरपीएफ के उपनिरीक्षक केसर खान का कहना है कि युवक ने आत्महत्या की नियती से यह कदम उठाया है। तत्काल घायल को सीएचसी भिजवाया गया। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बाराबंकी भिजवाया है।

संबंधित समाचार