शाहजहांपुर: कोरोकुइयां चौकी इंचार्ज ने प्रधानपति को पीटा, जेल भेजने की दी धमकी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर,अमृत विचार। जिले में पुलिस पूरी तरह से निरंकुश नजर आ रही है। न कोई जांच न कोई पड़ताल, बस थप्पड़ों और लाठी-डंडे से बात करना मानो उसका जन्मसिद्ध अधिकार बन गया हो। ऐसा ही एक ताजा मामला सिंधौली की कोरोकुइयां चौकी का सामने आया है। आरोप है कि यहां चौकी इंचार्ज ने गांव की …

शाहजहांपुर,अमृत विचार। जिले में पुलिस पूरी तरह से निरंकुश नजर आ रही है। न कोई जांच न कोई पड़ताल, बस थप्पड़ों और लाठी-डंडे से बात करना मानो उसका जन्मसिद्ध अधिकार बन गया हो। ऐसा ही एक ताजा मामला सिंधौली की कोरोकुइयां चौकी का सामने आया है। आरोप है कि यहां चौकी इंचार्ज ने गांव की समस्या लेकर गए प्रधान के विकलांग पति की थप्पड़ों से पिटाई कर दी और फर्जी मामले में जेल भेजने की घमकी दी। मामले की शिकायत महिला प्रधान ने एसपी एस आनंद से की है।

थाना सिंधौली क्षेत्र के गांव उल्लिया की प्रधान अंगूरा देवी हैं, इसी वजह से गांव के लोग उनके पति सर्वेश को भी प्रधान कहकर ही बुलाते हैं। यदि गांव की कोई समस्या या अन्य कोई दिक्कत होती है तो गांव के लोग सर्वेश के पास ही समस्या समाधान के लिए पहुंचते हैं। रविवार शाम प्रधानपति सर्वेश गांव के कुछ लोगों के साथ उनकी समस्या समाधान के लिए चौकी कोरोकुइयां पहुंचे थे।

आरोप है कि यहां चौकी इंचार्ज महिपाल सिंह ने प्रधानपति की बात सुनने के बजाय उन्हें गालियां देनी शुरू कर दीं। विरोध करने पर चौकी इंचार्ज ने दो तीन थप्पड़ जड़ दिए और जेल भेजने की धमकी देते हुए धक्के मारकर चौकी से बाहर कर दिया। उस वक्त प्रधानपति के साथ गांव के कुछ लोग भी थे। यह बात प्रधानपति को नागवार गुजरी। उन्होंने मामले की शिकायत एसपी से की। वहीं प्रधान अंगूरा देवी ने भी एसपी से चौकी इंचार्ज की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।

“जमीन के विवाद में प्रधानपति के खिलाफ 107/116 की कार्रवाई हो गई थी और दूसरा रविवार को चेकिंग के दौरान उनके परिचित की बाइक का चालान हो गया। इसी से खफा होकर झूठा आरोप लगा रहे हैं।” -महिपाल सिंह, चौकी इंचार्ज

“मामला अभी मेरे संज्ञान में नहीं है, यदि ऐसा है तो मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।” -अपर्णा गौतम, एएसपी ग्रामीण

संबंधित समाचार