मुरादाबाद में आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, लोकार्पित करेंगे 424 करोड़ की परियोजनाएं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नौ एएसपी, 18 सीओ, 700 पुलिसकर्मी करेंगे सुरक्षा

मुरादाबाद,अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज महानगर के दौरे पर हैं। सीएम योगी 424 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इसमें सबसे बड़ी परियोजना स्मार्ट सिटी मिशन के अन्तर्गत 232 करोड़ रुपये की लागत से बना एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर है। इससे पूरे शहर की निगरानी 54 विशेष तकनीक आधारित कैमरों से होगी। वह स्मार्ट सिटी की दो परियोजनाओं के अलावा सोनकपुर पुल और अन्य सुविधाओं को जनता को समर्पित करेंगे। 

रामपुर विधानसभा के उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा करने से पहले मुख्यमंत्री मुरादाबाद में दिल्ली रोड स्थित सर्किट हाउस के पीछे बुद्धि विहार के मैदान पर भाजपा की ओर से आयोजित प्रबुद्ध जन समागम को संबोधित करेंगे। वह मुख्य अतिथि हैं। इसकी अध्यक्षता शहर के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. राकेश कुमार करेंगे। भाजपा की ओर से इस समागम में 20,000 से अधिक प्रबुद्धजनों को जुटाने का दावा किया गया है। इसी मैदान पर मुख्यमंत्री जिले की जनता के लिए 424 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इसमें स्मार्ट सिटी मिशन की दो बड़ी परियोजना 232 करोड़ रुपये की लागत का पीलीकोठी स्थित एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर है। जिससे पूरे शहर में 54 कैमरों से निगरानी की जा सकेगी। वहीं 53.4 करोड़ रुपये की ई बाइक शेयरिंग परियोजना का भी लोकार्पण होगा।

कार्यक्रम की सफलता और सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने दूसरे दिन भी गुरुवार को समागम स्थल और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को ब्रीफ कर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण, वाहनों के पार्किंग आदि के बारे में निर्देश दिए। कहा कि शहर में यातायात लॉक न हो इसका भी ध्यान रखें। उन्होंने आयोजकों से मिलकर वीआईपी और अन्य के बैठने, प्रवेश और निकासी के बारे में जानकारी लेकर उचित व्यवस्था बनवाई। वीआईपी गेट से आमजन और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा न लगे इसका विशेष ध्यान रखने के लिए कहा। 

जिलाधिकारी ने बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदि के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर व्यवस्था की निगरानी की थी। कार्यक्रम स्थल पर अधिकारियों की फौज और सुरक्षा में पुलिस, पीएसी के अधिकारी और जवान डटे हैं। 

10 लाभार्थियों को लाभांवित करेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विभिन्न योजनाओं के 10 लाभार्थियों को लाभांवित करेंगे। सीडीओ सुमित यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री कोविड कमांड सेंटर (आईटीटीटी )-232 करोड़, सोनकपुर ब्रिज-106 करोड़, कॉमन फैसिलेशन सेंटर 9.94 करोड़ व बिलारी में गोशाला समेत 30 विकास योजनाओं का लोकार्पण करेंगे। बताया कि सीएम के आगमन में किसी कारणवश देरी होती है तो इस बीच प्रोबेशन विभाग के माध्यम से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ थीम पर नुक्कड़ नाटक होगा।  साथ ही अभ्युदय योजना, नगर निगम से स्मार्ट सिटी, ओडीओपी, खादी ग्रामोद्योग, आयुष्मान योजना समेत 12 विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे।

नौ एएसपी, 18 सीओ, 700 पुलिसकर्मी करेंगे सुरक्षा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को महानगर के दौरे पर है। पुलिस-प्रशासन ने उनकी सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। उनकी सुरक्षा के लिए नौ एएसपी और 18 सीओ के नेतृत्व में 700 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। तीन कंपनी पीएसी भी तैनात रहेगी। पुलिस अधीक्षक नगर अखिलेश भदौरिया ने बताया कि मूंढापांडे हवाई पट्टी से सर्किट हाउस और आयोजन स्थल तक अभेद सुरक्षा रहेगी। कार्यक्रम स्थल पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहेंगे। सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। इसके लिए कंट्रोल रूम तैयार किया गया है। आयोजन स्थल पर सघन चेकिंग के बाद ही लोगों को प्रवेश दिया जाएगा।  सुरक्षा के लिए नौ एएसपी, 18 सीओ, 31 इंस्पेक्टर, 150 एसआई और 550 सिपाही तैनात किए जाएंगे। मुख्यमंत्री के जाने वाले मार्ग पर पुलिस और पीएसी के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।  डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ता, एंटी ड्रोन टीम, एंटी माइन टीम भी मुख्यमंत्री की सुरक्षा में लगाई गई है। 

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद : मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर हलचल, कुर्सी बचाने में जुटे जनपद के उच्चाधिकारी

संबंधित समाचार