बरेली: लाकडाउन में होगी बकरीद, प्रशासन से मांगा सहयोग
बरेली,अमृत विचार। इस बार ईद उल अजहा (बकरीद) 1 अगस्त को लाकडाउन में मनायी जाएगी। इस मौके पर तीन दिन तक कुर्बानी का सिलसिला चलेगा। ऑल इंडिया रजा एक्शन कमेटी (आरएसी) ने बकरीद के मौके पर प्रशासन से सहयोग की मांग की है। सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर आरएसी ने सफाई की मांग के साथ …
बरेली,अमृत विचार। इस बार ईद उल अजहा (बकरीद) 1 अगस्त को लाकडाउन में मनायी जाएगी। इस मौके पर तीन दिन तक कुर्बानी का सिलसिला चलेगा। ऑल इंडिया रजा एक्शन कमेटी (आरएसी) ने बकरीद के मौके पर प्रशासन से सहयोग की मांग की है। सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर आरएसी ने सफाई की मांग के साथ कुर्बानी के लिए बिकने वाले जानवरों की बाजार लगवाने व गोश्त बांटने के लिए अनुमति देने की मांग जोरशोर से रखी।
ऑल इंडिया रजा एक्शन कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अदनान रजा कादरी ने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान जनता और पुलिस-प्रशासन के बीच तालमेल से ही अब तक व्यवस्था बनती आई है। कहा कि 1 अगस्त को ईद-उल-अजहा है। जिसमें तीन दिन तक लोग कुर्बानी करते हैं। ईद के पहले दो दिनों में वीकेंड लॉकडाउन है, इसलिए शासन-प्रशासन को सभी जरूरी इंतजाम पहले से ही कर लेने चाहिए। इसके लिए जानवरों की खरीदारी के लिए बाजार लगाने की अनुमति दी जाए। पुलिस को निर्देश दिए जाएं कि जानवर खरदीने और बेचने वालों को परेशान न करे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कुर्बानी कराने वाले लोगों से भी अपील की है कि वह जानवरों का खून और खाल को खुले में न फेंके। सिटी मजिस्ट्रेट मदन कुमार ने उन्हें मदद का आश्वासन दिया है। ज्ञापन देने वालों में इमरान रजा, अब्दुल हलीम खां, हनीफ रजा, जमाल अजहरी, सईद सिबतैनी, राशिद रजा, फैजान तहसीनी, रेहान यार, इवने हसन, हाजी जमीरुद्दीन, जुनैद खां आदि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री से मांगी ईदगाह में नमाज की अनुमति
मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में तीन घंटे के लिए ईदगाह में नमाज अदा करने की अनुमति मांगी है। जिलाध्यक्ष मो. असलम ने बताया कि सोमवाार को वह जिलाधिकारी को ज्ञापन देने गए मगर उनकी गैरमौजूदगी में कार्यालय स्टाफ को ज्ञापन दिया। बकरीद के मौके पर ईदगाह और मस्जिदों में नमाज अदा करने की अनुमति की मांग की। शनिवार को होने वाले लाकडाउन में छूट देने की मांग भी उठाई। इरफान अंसारी, जिला संगठन मंत्री इमरान मुहम्मद, जिला कोषाध्यक्ष अन्ने सकलैनी अंसारी, रिजवान खान आदि मौजूद रहे।
