अयोध्या जिला अस्पताल को मिला एक और बाल रोग चिकित्सक
अमृत विचार, अयोध्या। प्रदेश शासन ने जिला अस्पताल पुरुष में एक और बाल रोग चिकित्सक की तैनाती कर दी है। जिले के बीकापुर सीएचसी पर तैनात चिकित्साधिकारी बालरोग डॉ. अनिल कुमार वर्मा को जिला अस्पताल में तैनात किया है। डॉ. वर्मा ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। अब जिला अस्पताल में बाल रोग के तीन चिकित्सक हो गए हैं। इनमें से एक संविदा पर तैनात हैं।
प्रदेश शासन के चिकित्सा अनुभाग के विशेष सचिव डॉ. मन्नान अख्तर ने जारी पत्र में कहा है कि तात्कालिक प्रभाव से डा.अनिल कुमार वर्मा, चिकित्साधिकारी (बाल रोग), सामुदयिक स्वास्थ्य केन्द्र, बीकापुर को जिला चिकित्सालय (पुरुष) में बाल रोग विशेषज्ञ के रिक्त पद पर समायोजित करते हुए तैनात किया जाता है। वह अपने वर्तमान तैनाती स्थल से कार्यमुक्त होकर तत्काल नवीन तैनाती पद व स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना सुनिश्चित करें।
आदेश के अनुपालन में डॉ. वर्मा ने जिला अस्पताल में कार्यभार ग्रहण कर लिया। जिला अस्पताल पुरुष में नियमित चिकित्साधिकारी बाल रोग के पद पर डॉ. शिशिर श्रीवास्तव कार्य कर रहे है। जबकि स्वास्थ्य विभाग की सेवा से निवृत्त डॉ. रामकेश संविदा चिकित्सक के रूप में तैनात हैं। डॉ. वर्मा की तैनाती के बाद यहां कुल तीन तथा नियमित दो चिकित्सक हो गए हैं।
यह भी पढ़ें:-गाजियाबाद: लॉरेंस बिश्नोई का नाम लेकर वकील से मांगी 20 लाख रुपये की रंगदारी
