Fatehpur Murder: पत्नी व बेटे ने पति की चाकू से गोदकर की हत्या, शादी में शामिल होने के लिए दिल्ली से लौटा था
Fatehpur Murder फतेहपुर में युवक की हत्या से फैली सनसनी।
Fatehpur Murder फतेहपुर के बकेवर थाना क्षेत्र में पति की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वह कुछ दिन पहले ही दिल्ली से लौटा था। पुलिस पत्नी व बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
फतेहपुर, अमृत विचार। Fatehpur Murder सात जन्म तक साथ-साथ रहने का वचन लेने के बाद रिश्तों को तार-तार कर देने वाली सनसनीखेज घटना में पत्नी ने बेटे के साथ मिलकर पति को चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया। यह जघन्य वारदात बकेवर थाना क्षेत्र के लालूपुरा गांव में शुक्रवार को आधी रात के समय अंजाम दी गई। पुलिस ने आरोपी महिला और बेटे को हिरासत में ले लिया है, जबकि उस युवक की तलाश की जा रही है, जिसके मृतक की पत्नी से दोस्ताना संबंध बताए जाते हैं।
बिंदकी सर्किल की मुसाफा पुलिस चौकी क्षेत्र के लालूपुरा गांव में रहने वाले सुजीत उत्तम (45) दिल्ली में प्राइवेट जॉब करते थे। गांव में लोग उन्हें परदेसी बाबू कहते थे। उनके चचेरे भाई के लड़के की चार दिसंबर को बारात जानी थी। इसी शादी-समारोह में शामिल होने के लिए सुजीत शुक्रवार दोपहर गांव आए थे। आधी रात के समय अचानक सुजीत के घर से लोगों ने चीख पुकार की आवाज सुनी।
पड़ोसी मामले की जानकारी करने मौके पर पहुंचे तो मंजर देखकर दंग रह गए। सुजीत उर्फ परदेसी बाबू की गला रेत कर हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने तफ्तीश के बाद साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इस मामले में पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक की पत्नी आरती और बेटे रवि को रात में ही दबोच लिया। थानेदार बकेवर गिरेन्द्र पाल ने बताया कि मृतक की पत्नी और बेटे को हिरासत में लिया जा चुका है। हत्याकांड को लेकर एक अन्य युवक पर संदेह जाहिर किया गया है।
इस युवक के मृतक की पत्नी के साथ दोस्ताना संबंध होने की बात प्रकाश में आई है। अभी तक पुलिस को किसी भी प्रकार की तहरीर या शिकायत नहीं मिली है। पुलिस घटना की सभी एगिंल से जांच पड़ताल करने में जुटी हुई है और हत्या के असल कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है । जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
