मुरादाबाद : ऑनलाइन वायु गुणवत्ता मापने को बने छह स्टेशन
जिगर कॉलोनी, बुद्धि विहार, सेवायोजन कार्यालय, इको हर्बल पार्क, कांशीराम नगर, ट्रांसपोर्ट नगर में स्थापित
मुरादाबाद,अमृत विचार। शहर की हवा को बेहतर कर उसकी ऑनलाइन मानीटरिंग करने के लिए स्मार्ट सिटी मिशन लिमिटेड में ऑनलाइन वायु गुणवत्ता मापने के लिए छह स्टेशन बने हैं। इसके अलावा पर्यावरणीय महत्व और जागरूकता के लिए कई अन्य परियोजनाएं संचालित हैं। जिसका लाभ शहर के नागरिकों को मिल रहा है। इसकी देन है कि नगर निगम को सबसे साफ शहरों की श्रेणी में देश में नंबर एक स्थान हासिल हुआ है।
प्रदेश के 10 स्मार्ट सिटी में शामिल नगर निगम क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षित विकास कार्य कराए जा रहे हैं। स्मार्ट पब्लिक पार्क, 29 सरकारी भवनों पर वर्षा जल संरक्षित करने का संयंत्र, रामगंगा नदी किनारे एलपीजी आधारित शवदाह गृह से पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाने के उपाय हो रहे हैं। इसका लाभ भी नगर निगम को मिला। सबसे साफ शहर का पुरस्कार मिलने पर निगम के पार्षदों और अधिकारियों में प्रसन्नता है। तीन साल से की गई मेहनत का प्रतिफल भी दिखा।
4200 मीटर क्षेत्रफल में बना है ग्रीन हेरिटेज ट्राएंगल
पीलीकोठी से महिला थाना होते हुए अटल पथ, पीएसी तिराहे से होते हुए 4200 मीटर में ग्रीन हेरिटेज ट्राएंगल बना है। इस क्षेत्र में पीपल, पाकड़, बरगद, बेल, सागौन, सेमल और नीम के पौधे लगे हैं। उनके आयु की गणना करने के लिए सूचनात्मक बोर्ड भी लगा है। पेड़ों के सामने एसएस ग्रिल, चबूतरे पर ग्रेनाइट लगाकर सौंदर्यीकरण कराया गया है। हरित क्षेत्र में डिवाइडरों की पेटिंग की गई है।
इन स्थानों पर लगा है वायु गुणवत्ता सूचक संयंत्र
शहर में छह स्थानों सेवायोजन कार्यालय, बुद्धि विहार, जिगर कॉलोनी, इको हर्बल पार्क, कांशीराम नगर, ट्रांसपोर्ट नगर में यह संयंत्र लगा है। जिससे वायु गुणवत्ता की जानकारी डिस्प्ले स्क्रीन पर देखा जाता है। प्रदूषण का मानक अधिक बढ़ने पर शहर में पेड़-पौधों और सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जाता है।
लायन कंपनी के अत्याधुनिक उपकरण बने मददगार
नगर निगम के पर्यावरण अभियंता राजीव कुमार राठी का कहना है कि पर्यावरण संरक्षण पर आधारित विकास कार्यों को कराया जा रहा है। इसका परिणाम है कि स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2022 में वायु गुणवत्ता सुधार के चलते देश के सबसे साफ शहरों में मुरादाबाद नगर निगम को पहला स्थान मिला है। इस पर 75 लाख रुपये का पुरस्कार मिलना एक गौरव है। वायु गुणवत्ता के सुधार और शहर को साफ रखने में 20 वार्डों में काम कर रही लायन सर्विसेज लिमिटेड का काफी योगदान है। अत्याधुनिक उपकरणों और प्रोफेशनल तरीके से कार्य करने, घर-घर कूड़ा उठाने के अलावा सड़कों की सफाई में काफी सुधार हुआ है। कंपनी के प्रोजेक्ट हेड अभिषेक बाजपेयी 20 वार्डों में अपने कर्मचारियों से काफी अच्छा कार्य करा रहे हैं। यदि शेष 50 वार्डों में इस कंपनी को काम मिला तो शहर और साफ दिखेगा।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : नगर निकायों में वार्डों के आरक्षण की सूची ने बढ़ाई उम्मीदवारों में हलचल
