मुरादाबाद : सड़क हादसे में रामनगर के नर्सरी संचालक की मौत, बिलारी में शादी समारोह से लौटते समय जीरो प्वाइंट पर हुआ हादसा
नैनीताल जिले के हिम्मतपुर डोरियाल गांव निवासी थे दिनेश चंद्र
मुरादाबाद,अमृत विचार। रविवार सुबह कटघर थानाक्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे लघुशंका कर रहे नर्सरी संचालक को टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाला नर्सरी संचालक उत्तराखंड के रामनगर का निवासी था। वह अपने दो दोस्तों के साथ बिलारी निवासी दोस्त की शादी में शामिल होकर घर लौट रहा था। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
उत्तराखंड के नैनीताल जनपद के रामनगर थानाक्षेत्र के गांव हिम्मतपुर डोरियाल निवासी 47 वर्षीय दिनेश चंद्र नैनवाल नर्सरी का कारोबार करते थे। उनके परिवार में पत्नी माया नैनवाल, 18 वर्षीय बेटी वैष्णवी, 17 वर्षीय पुत्र ध्रुव और 16 वर्षीय रुद्राक्ष हैं। दिनेश चंद्र नैनवाल के दोस्त शिवराज सिंह ने बताया कि शनिवार को बिलारी में रहने वाले उनके दोस्त की शादी थी। इसमें शामिल होने के लिए दिनेश अपने दोस्तों भूरा व एक अन्य के साथ बिलारी आए थे।
वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद तीनों दोस्त कार में सवार होकर घर लौट रहे थे। तड़के करीब ढाई बजे कटघर थाना क्षेत्र में जीरो प्वाइंट पर दिनेश ने कार रोकी और लघुशंका करने लगे। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जमीन गिरकर दिनेश का सिर फट गया और मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद कार चालक ने उनकी कार को रौंद दिया।
हादसे में कार में बैठे उनके दोनों दोस्त बाल-बाल बच गए। उन्होंने कार चालक को मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस को हादसे की सूचना दी। हादसे की जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर मनीष सक्सेना घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कार को कब्जे में लेकर उसके चालक को हिरासत में ले लिया। घटना की जानकारी मिलने पर रविवार को उनकी पत्नी माया नैनवाल कटघर थाने पहुंच गईं। उन्होंने आरोपी कार चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
युवक को रौंदने में रोडवेज बस चालक के खिलाफ केस
मुरादाबाद। रोडवेज बस की टक्कर से युवक की मौत के मामले में अज्ञात बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मृतक के पिता की तहरीर पर कटघर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। थानाक्षेत्र के देहरी गांव निवासी जगदीश ने बताया कि उनका 20 वर्षीय पुत्र विशाल अपने दोस्त सोनू पुत्र धर्मसिंह के साथ 26 नवंबर को शादी में शामिल होने प्रेम वंडर लैंड गया था। रात में करीब पौने 10 बजे वह घर आने के लिए किसी वाहन का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान शहर की ओर से आ रही रोडवेज बस ने विशाल को टक्कर मार दी थी। गंभीर हालत में सोनू ने उसे दिल्ली रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां डाक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया था। रास्ते में साईं अस्पताल के पास उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने विशाल के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात रोडवेज बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : दहेज लोभी पति की हैवानियत, काटी पत्नी की नाक...मुकदमा दर्ज
