बरेली: सड़क पर मुसीबत बनी डग्गामार बस का पहिया निकला, कई घायल
बरेली, अमृत विचार। गन्ना मिल से अलीगंज जा रही डग्गामार बस भमोरा में पहिया निकलने से पलट गई। हादसे में बस में सवार यात्री घायल हो गए। जिसमें दो महिला और एक पुरुष की हालत गंभीर बताई जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद बस को क्रेन से हटवा दिया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
ये भी पढ़ें- बरेली: पड़ोसी की बिल्ली खा गई मुर्गा, शिकायत करने पर मारपीट
सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे भमोरा में कुंडलिया गांव के पास एक डग्गामार बस का पहिया निकल गया। जिस वजह से बस अनियंत्रित होकर पलट गई। गन्ना मिल से अलीगंज जा रही डग्गामार बस में सवार कई यात्री घायल हो गए। घायलों में सुभाष नगर के मणिनाथ की रहने वाली प्रिया पाठक पत्नी दीपक मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। प्रिया पाठक अलीगंज के प्राथमिक विद्यालय में टीचर है। इसके अलावा एक महिला और पुरुष को भी गंभीर चोट आई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों गंभीर घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया। हादसे में चोटिल हुई अन्य सवारियां दूसरे वाहन से चले गए।
थाना प्रभारी दानवीर ने मौके पर क्रेन बुलाकर बस को रोड से हटवा कर यातायात सुचारू रूप से शुरू करा दिया। पुलिस ने बताया कि उन्हें बस स्टेरिंग फेल होने की जानकारी दी गई है। जबकि हादसा पहिया निकलने की वजह से हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
ये भी पढ़ें- बरेली: कलेक्ट्रेट परिसर में नागरिक सुरक्षा कोर ने लगाया रक्तदान शिविर
