अल्मोड़ा: बिनसर के दौरे पर गायक रूप कुमार राठौर
अल्मोड़ा, अमृत विचार। सुप्रसिद्ध संगीत निर्देशक और गायक रूप कुमार राठौर अपनी पत्नी सुनाली राठौर के साथ इन दिनों अल्मोड़ा जिले के बिनसर के निजी दौरे पर हैं। उन्होंने बीते दिवस भैंसियाछाना ब्लॉक के कठघरा के एक होम स्टे में ग्रामीणों के साथ अपनी शादी की सालगिरह भी मनाई। जिसके बाद वह बिनसर स्थित खाली स्टेट चले गए।
ग्रामीण पर्यटन समिति के अध्यक्ष मोहन सिंह जीना ने बताया कि रूप कुमार राठौर और उनकी पत्नी सोनाली राठौर ने ग्रामीणों के साथ केक काटा और बेडू पाको बारामासा गीत भी गाया। जीना ने बताया कि राठौर पिछले चालीस सालों से लगातार बिनसर आ रहे हैं।
इस बार उन्होंने समिति के सदस्यों से मुलाकात कर उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की और समिति द्वारा पर्यटन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य को एक अभिनव तरीका बताते हुए इसकी सराहना भी की। समिति के सदस्यों ने उन्हें बताया कि यह कार्य बिनसर के पांच गांवों में विलेजवेज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के सहयोग से पिछले सत्रह सालों से किया जा रहा है। इस दौरान राठौर और उनकी पत्नी सोनाली ने ग्रामीणों द्वारा बनाए गए भोजन का भी लुत्फ उठाया। राठौर के स्वागत में समिति के मोहन सिंह, पूरन सिंह, खीम सिंह, पुनीत पालीवाल, धनश्याम पांडे आदि मौजूद रहे।
