निकाय चुनाव: इस बार नगर निगम में होगी आधी आबादी की सरकार
आरक्षण सूची जारी, नगर निगम अयोध्या महापौर पद महिला के लिए आरक्षित
अमृत विचार, अयोध्या। नगर निकाय चुनाव 2022 के लिए नगर निगम अयोध्या के महापौर व नगर पालिका परिषद रुदौली सहित जिले की पांचों नगर पंचायत अध्यक्ष पदों का शनिवार को अनन्तिम आरक्षण जारी हो गया है। इस आरक्षण सूची पर आगामी 12 दिसम्बर तक दावे व आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। आरक्षण के बाद नगर निगम अयोध्या की मेयर सीट महिला के लिए आरक्षित हो गयी है। ऐसे में नगर निगम में अब अगले 5 वर्ष आधी आबादी की सरकार चलेगी।
वर्ष 2016 में अयोध्या व फैजाबाद नगर पालिकाओं का अस्तित्व खत्म कर नगर निगम बनाया गया था। 2017 में नगर निगम के पहले चुनाव में महापौर का पद अनारक्षित रहा जिस पर प्रथम महापौर के रूप में ऋषिकेश उपाध्याय निर्वाचित हुए थे। वहीं नगर पालिका परिषद रुदौली का अध्यक्ष पद इस बार भी अनारक्षित हुआ है। पिछले चुनाव में भी नगर पालिका रुदौली का अध्यक्ष पद अनारक्षित था। इस पद पर वर्तमान में जब्बार अली चेयरमैन हैं। लेकिन नगर पंचायतों का समीकरण बदल गया है। जिले की तीन पुरानी नगर पंचायतों में नगर पंचायत भदरसा का अध्यक्ष पद इस बार अनारक्षित हो गया है। 2017 में यह सीट सामान्य महिला के लिए आरक्षित थी जिस पर रेहाना बेगम निर्वाचित हुई थीं। नगर पंचायत गोसाईंगंज के चेयरमैन पद को भी अनारक्षित रखा गया है। यह सीट पिछले चुनाव में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित थी जिस पर रमेशचन्द्र कसौधन निर्वाचित हुए थे। नगर पंचायत बीकापुर का अध्यक्ष पद 2022 के चुनाव में महिला के लिए आरक्षित हुआ है। जबकि पिछले चुनाव में यह सीट अनारक्षित थी जिस पर जुग्गी लाल यादव निर्वाचित हुए थे।
नवसृजित तीनों नगर पंचायत के अध्यक्ष पद आरक्षित
जनपद की 3 नवसृजित नगर पंचायतों का अध्यक्ष पद भी आरक्षित हो गया है। यहां पहली बार चुनाव होने जा रहे हैं। नवसृजित नगर पंचायत कुमारगंज का अध्यक्ष पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। वहीं नगर पंचायत खिरौनी सुचित्तागंज अनु.जाति महिला और नगर पंचायत मां कामाख्या धाम के चेयरमैन पद को अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित किया गया है। फिलहाल नगर निगम अयोध्या के महापौर पद सहित जिले की चार नगर पंचायतों पर महिलाएं ही अध्यक्ष चुनी जाएंगी।
जिले में 19 महिला पार्षद तो 37 महिलाएं चुनी जाएंगी सभासद
निकाय क्षेत्रों में मेयर, अध्यक्ष, पार्षद व सभासदों के आरक्षण की अनंतिम सूची जारी हो चुकी है। इसके साथ ही चुनाव की पहली तस्वीर भी साफ हो चुकी है। आरक्षण आने के बाद अब दावेदारों में टिकट को लेकर दौड़ शुरू हो गयी है। यह भी स्पष्ट हो गया है कि नगर निगम के महापौर सहित 60 वार्डों में 19 पार्षद महिलाएं होंगी। वहीं नगर पालिका रुदौली के 25 वार्डों में से 9, नगर पंचायत गोसाईगंज के 12 में से 3, नगर पंचायत बीकापुर के 11 वार्डों में से 4, नगर पंचायत भदरसा के 18 वार्डों में से 6 महिला सभासद चुनी जाएंगी। वहीं नवसृजित नगर पंचायत कुमारगंज के 13 वार्डों में से 5, नगर पंचायत मां कामाख्या धाम के 15 वार्डों में से 5, नगर पंचायत खिरौनी सुचित्तागंज के 15 वार्डों में 5 महिलाएं सभासद चुनी जाएंगी। इस प्रकार से नगर निगम अयोध्या सहित एक नगर पालिका व 5 नगर पंचायतों में 56 महिलाएं अपने-अपने वार्डों से प्रतिनिधित्व करेंगी।
ये भी पढ़ें-अब सौहार्द नगरी बन चुकी है अयोध्या, सभी मनाते हैं एक-दूसरे का पर्व
