शाहजहांपुर: मेयर समेत सात सीटें अनारक्षित, चार निकायों का महिलाएं संभालेंगी नेतृत्व

Amrit Vichar Network
Published By Om Parkash chaubey
On

आयोग ने सोमवार शाम सभी निकाय अध्यक्षों की जारी की आरक्षण सूची  

शाहजहांपुर, अमृत विचार। वार्डों का आरक्षण जारी होने के बाद सोमवार को चुनाव आयोग ने मेयर और चेयरमैन की आरक्षण सूची जारी कर दी। चुनाव आयोग से जारी आरक्षण सूची में शाहजहांपुर नगर निगम की सीट अनारक्षित हैं, जिसमें कोई भी दावेदारी कर सकता है। नगर निगम सीट को लेकर लोग काफी उत्साहित थे।

लोग जानना चाह रहे थे कि आखिर यह सीट किस वर्ग की होगी। आरक्षण सूची जारी होने से पहले अधिकांश अपनी-अपनी गणित भी लगा चुके थे। कोई एससी सीट बता रहा था तो कोई ओबीसी, महिला होने का दावा कर रहा था, लेकिन चुनाव आयोग ने नियमानुसार अनारक्षित सीट तय की। निगम के अलावा पालिका और नगर पंचायत की सीटों में छह अनारक्षित, चार महिला व एक ओबीसी की एक सीट आरक्षित है।

निकाय चुनाव की तिथियां भले ही घोषित नहीं हुई है, लेकिन तैयारियों में कोई भी कसर नहीं छोड़ी जा रही है। चुनाव से संबंधित लगभग सभी तैयारियों पूर्ण कर ली गई है। बस तिथियां घोषित होने की देर है। चुनाव की तैयारियों के बीच जिला निर्वाचन की ओर से मतदाता सूची फाइनल कर ली है।

किस निकाय में कितने वोट और कितने बूथ होंगे आदि सब कुछ ओके कर लिया गया है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का भी खाका खींच लिया है। जिला प्रशासन की तैयारियों के साथ ही चुनाव मैदान में उतरने वाले उम्मीदवार भी सक्रीय हो चुके हैं। बस सभी को अब तिथियां घोषित होने का इंतजार है।

शाहजहांपुर नगर निगम - अनारक्षित
नगर पालिका पुवायां - अन्य पिछड़ा वर्ग
नगर पालिका तिलहर- अनारक्षित
नगर पालिका जलालाबाद- अनारक्षित
नगर पंचायत खुटार- महिला
नगर पंचायत बंडा- महिला
नगर पंचायत खुदागंज- महिला
नगर पंचायत कलान- महिला
नगर पंचायत अल्हागंज-अनारक्षित
नगर पंचायत कटरा- अनारक्षित
नगर पंचायत कांट- अनारक्षित
नगर पंचायत निगोही- अनारक्षित

एससी के खाते में एक भी सीट नहीं: शाहजहांपुर नगर निगम के साथ ही जनपद में 12 निकाय हैं। ओबीसी, अनारक्षित, महिला सभी के खातें में कुछ न कुछ सीटें हैं, लेकिन एससी वर्ग की एक भी सीट नहीं तय की गई। जबकि आरक्षण सूची जारी होने से पहले अधिकांश लोग एससी वर्ग की सबसे ज्यादा सीटे होने का दावा कर रहे थे, लेकिन ऐसा हुआ नहीं है।

12 में चार महिला चेयरमैन होंगी: जनपद की 12 निकायों में चार महिला चेयरमैन बनेगी। ऐसा हम नहीं बल्कि आरक्षण सूची ने तय कर दिया है। जनपद की 12 निकाय में चार महिला सीटे आरक्षित है। यानी इन सीटों पर सिर्फ महिलाएं ही दावेदार कर सकती हैं। खुटार, बंडा, खुदागंज और कलान में महिला सीटें आने से काफी लोगों की उम्मीदों पर पानी फिर गया। चेयरमैन के कई दावेदारी ठोक रहे थे, लेकिन आरक्षण सूची जारी होते ही मायूस हो गए। अब ऐसे लोगों के पास अपने घर की किसी महिला को चुनाव लड़ाने का विकल्प बचा है।

..तो इसलिए हुई सामान्य हुईं सीट: शाहजहांपुर नगर निगम का यह पहला चुनाव है। नियम है कि जहां पहला चुनाव होता है वहां की पहली सीट सामान्य होती है। इसी नियम के अनुसार चुनाव आयोग ने शाहजहांपुर नगर निगम की सीट को सामान्य रखा है, ताकि सभी वर्ग, जाति, महिला आदि अपनी दावेदारी कर सकें।

ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर: 12 करोड़ से जगमगाएंगे नगर निगम में शामिल 26 गांव, लो-वोल्टेज और फाल्ट की समस्या दूर होगी

संबंधित समाचार