शाहजहांपुर: 07 दिसंबर को आएंगे CM योगी आदित्यनाथ, डीएम-एसपी ने देखीं व्यवस्थाएं
CM 200 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण व शिलान्यास
शाहजहांपुर, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अब सात दिसंबर को ही आ रहे हैं। पहले उनके आगमन की तिथि नौ दिसंबर प्रस्तावित थी, लेकिन सात दिसंबर का संदेश आते ही प्रशासन अलर्ट हो गया। मुख्यमंत्री खिरनीबाग रामलीला मैदान में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करेंगे। पांडाल का कार्य पूर्ण कर शीघ्रता से उसे सजाया जाएगा। डीएम उमेश प्रताप सिंह, एसपी एस. आनंद और नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा सहित अधिकारियों ने व्यवस्थाएं देखीं और आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, महानगर अध्यक्ष अरुण कुमार गुप्ता और जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर भी मौजूद रहे।
सीएम के प्रस्तावित दौरे की तिथि घटते ही कार्यक्रम फाइनल हो गया है। मुख्यमंत्री बुधवार को पुलिस लाइंस मैदान पर उतरेंगे। वहां से विकास भवन के सामने से होते हुए खिरनीबाग रामलीला मैदान पर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री यहां प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करने से पहले 15 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपेगे और 200 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे।
सीएम पुलिस लाइंस से खिरनीबाग रामलीला मैदान के रास्ते में सड़कों को दुरुस्त करने के साथ बिजली पोल पर तिरंगे वाली लाइटें लगाई जाएंगी। कॉलेज के मैदान पर भी रंग रोगन के साथ तिरंगी पट्टियां और लाइटें लगाई जाएंगी। सभी तैयारियों के लिए डीएम और एसपी अपने अमले के साथ खिरनीबाग रामलीला मैदान पर पहुंचे। उन्होंने पहले मैदान का निरीक्षण किया। उसके बाद सांस्कृतिक मंच की सजावट आदि के निर्देश दिए। उन्होंने 24 घंटे में सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। मंच सजाने के लिए देशी और विदेशी फूल आएंगे, जिनकी बुकिंग की जा चुकी है।
डीएम ने कहा कि मंगलवार की दोपहर बाद तक सभी तैयारियां पूर्ण हो जानी चाहिए। शाम पांच बजे से पहले फाइनल निरीक्षण किया जाएगा। उधर, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा ने बताया कि सीएम प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में दस हजार लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने तैयारियों को लेकर रेती रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर बैठक की।
सीएम के कार्यक्रम की पुख्ता तैयारियां करें : डीएम
डीएम उमेश प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री योगी अदित्यनाथ के सात दिसंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलक्ट्रेट के वीसी कक्ष में बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के तहह पुख्ता तैयारियां करें और कोई कमी न रहे, इसका विशेष ध्यान रखें। डीएम ने नगर आयुक्त को निर्देशित करते हुये कहा कि साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाये।
विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मार्ग एवं कार्यक्रम स्थल पर ढीले लटके हुये तारों को जल्द ठीक किया जाए। उन्होने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्धारित रूट पर पड़ने वाले गड्ढों को मरम्मत कर जल्द ठीक करने को कहा। साथ ही चिकित्सा सेवा हेतु मुख्य चिकित्साधिकारी को मानकों के अनुसार एम्बुलेंस आदि की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी निर्देशित किया। उन्होंने ट्रैफिक एवं पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इस मौके पर एस. आनंद भी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें : शाहजहांपुर: मेयर समेत सात सीटें अनारक्षित, चार निकायों का महिलाएं संभालेंगी नेतृत्व
