मुरादाबाद : आधी आबादी से चुनी जाएंगी नगर निगम की महापौर
सरकार ने जारी किया नगर निगम महापौर सीट का आरक्षण
मुरादाबाद,अमृत विचार। लंबे इंतजार के बाद सोमवार को शासन ने आखिरकार नगर निगम के महापौर, नगर पालिकाओं के चेयरमैन और नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद का आरक्षण जारी कर दिया। यहां महापौर पद महिला सामान्य रखा गया है। ऐसे में अगली महापौर आधी आबादी से होगी। अब दावेदारों के चेहरे सामने आएंगे।
नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने प्रदेश के 17 नगर निगमों के महापौर पद का आरक्षण जारी किया है। इसमें मुरादाबाद नगर निगम को महिला सामान्य के लिए आरक्षित किया गया है। जबकि आठ नगर निगम अनारक्षित है। मुरादाबाद में 1995 के बाद दूसरी बार महापौर का पद महिला सामान्य के लिए है। इसके पहले 2000 में हुए चुनाव में यह पद महिला सामान्य था। इसके बाद हर चुनाव में यह सीट अनारक्षित रही। सबसे पहले चुनाव 1995 में सपा के हुमायूं कदीर महापौर बने थे।

जिले में एक नगर निगम, दो नगर पालिकाएं और आठ नगर पंचायतें : जिले में एक नगर निमग, दो नगर पालिकाएं और आठ नगर पंचायतें हैं। मुरादाबाद नगर निगम में 70 वार्ड हैं। जिसमें 6,64,609 मतदाता इस बार अपना सिरमौर और 70 वार्ड पार्षद चुनेंगे। जबकि जिले के 11 निकायों के 243 वार्डों में 9,36,492 मतदाता हैं। इसमें सर्वाधिक मतदाता नगर निगम में 6,64,609 और सबसे कम 14284 नगर पंचायत ढकिया में हैं।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : आरक्षण के पेच से किसी की उम्मीदों को लगा ग्रहण, तो कई लोगों के चेहरे खिले
