बहराइच: अभी तक खुद ठोक रहे थे ताल, अब पत्नियों को चुनावी अखाड़े में उतारने की तैयारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रिसिया, मिहींपुरवा और पयागपुर में महिला आरक्षण से खुद चेयरमैन बनने की आस संजोए लोगों को अब पत्नियों का सहारा

अतुल अवस्थी/ अमृत विचार, बहराइच। नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों में चेयरमैन की कुर्सी पर सभी की निगाहें थी आरक्षण का इंतजार हो रहा था, यह इंतजार भी सोमवार को आरक्षण सूची प्रकाशन के साथ ही खत्म हो गया। बहराइच में दो नगर पालिका परिषद और छह नगर पंचायतों में चुनाव होने हैं।

लेकिन नवसृजित मिहींपुरवा और पयागपुर नगर पंचायत के साथ ही रिसिया नगर पंचायत में इस बार चेयरमैन की कुर्सी महिला के लिए आरक्षित हो गई है। ऐसे में चेयरमैन बनने का ख्वाब सजा कर मैदान में ताल ठोक रहे लोगों को आरक्षण से करारा झटका लगा है। अब ऐसे लोगो को चेयरमैन की कुर्सी पर काबिज होने के लिए अपनी पत्नियों का सहारा है। इसके लिए दावेदारी कर रहे लोग गुणा गणित में जुट गए हैं।

 बहराइच जिले में अभी तक बहराइच और नानपारा नगर पालिका परिषद के अलावा रिसिया और जरवल नगर पंचायत ही थी। लेकिन बीते 5 वर्षों में बहराइच में मिहींपुरवा, रुपईडीहा, पयागपुर और कैसरगंज नई नगर पंचायतें सृजित हुई है। नई नगर पंचायतों के अस्तित्व में आने के बाद से नगर पंचायतों में निवास करने वाले राजनीतिक हलके के लोग चेयरमैन पद की कुर्सी पर काबिज होने का ख्वाब संजो रहे थे।

लेकिन सोमवार देर शाम को जो आरक्षण सूची जारी हुई उसके तहत बहराइच की रिसिया, मिहींपुरवा और पयागपुर नगर पंचायतों की चेयरमैन पद की कुर्सी महिला के लिए आरक्षित कर दी गई है। इसमें रिसिया नगर पंचायत तो काफी पुरानी है लेकिन मिहींपुरवा और पयागपुर नगर पंचायतें नई सृजित हुई है। नगर पंचायत सृजन के बाद से मिहीपुरवा और पयागपुर में विभिन्न राजनीतिक दलों के लोग चेयरमैन बनने का ख्वाब संजो रहे थे, लेकिन उन्हें महिला आरक्षण से मायूसी हाथ लगी है।

चेयरमैन बनने का ख्वाब देख रहे हैं ऐसे लोगों को अब अपनी पत्नियों का सहारा है। आरक्षण सूची सार्वजनिक होने के बाद ऐसे लोगों अब  पत्नियों के सहारे चेयरमैन की कुर्सी पर काबिज होने की गुणा गणित में जुट गए हैं। चेयरमैन पद की सूची प्रकाशन के बाद अब जिले में निकाय चुनाव की सरगर्मियां भी बढ़ गई है, चुनावी मैदान में नए-नए चेहरों की दावेदारी सामने आने लगी है।

महिलाओ के लिए आरक्षित नगर पंचायतों में वार्ड की स्थिति
 महिलाओं के लिए आरक्षित रिसिया नगर पंचायत में सबसे कम 11 वार्ड है जबकि नव सृजित मिहींपुरवा और पयागपुर में 15-15 वार्ड हैं। इन वार्डों की जनता को महिला आरक्षण के अनुरूप लोगों ने अपने पक्ष में करने की कवायद तेज कर दी है।

बहराइच जिले में चेयरमैन पद आरक्षण एक नजर में :-

  1. बहराइच- (नपाप) सामान्य
  2. नानपारा -(नपाप) सामान्य
  3. रिसिया -(नपं) महिला
  4. मिहीपुरवा-(नपं) महिला (नवसृजित)
  5. पयागपुर -(नपं) महिला (नवसृजित)
  6. रुपईडीहा -(नपं) सामान्य (नवसृजित)
  7. कैसरगंज -(नपं) सामान्य (नवसृजित)
  8. जरवल -(नपं) सामान्य

यह भी पढ़ें:-विधान भवन के शीतकालीन सत्र में दूसरे दिन भी हंगामा, कार्रवाई स्थगित, सपा विधायकों ने लगाए कई आरोप

संबंधित समाचार