देश में कोरोना मामले 15.29 लाख के पार, रिकवरी दर सुधरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) के देश में बढ़ते प्रकोप की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि संक्रमण के नये मामले महज दो दिनों में एक लाख आ रहे हैं। मंगलवार देर रात तक कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 15.29 लाख के पार पहुंच गयी है,किंतु इसके साथ ही …

नई दिल्ली। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) के देश में बढ़ते प्रकोप की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि संक्रमण के नये मामले महज दो दिनों में एक लाख आ रहे हैं। मंगलवार देर रात तक कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 15.29 लाख के पार पहुंच गयी है,किंतु इसके साथ ही सुकून यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर में भी सुधार होता जा रहा है।

कोरोना को लेकर सबसे राहत की बात यह रही कि वाणिज्यिक नगरी मुंबई में आज तीन माह के बाद सबसे कम 700 नये संक्रमित आये। देश में पिछले दो दिनों के भीतर एक लाख से अधिक संक्रमण के मामले सामने आये हैं। इससे पूर्व तीन दिनों में संक्रमण के एक लाख मामले सामने आ रहे थे।

देश में कोरोना वायरस की भयावह होती स्थिति के बीच मंगलवार को संक्रमितों की संख्या 15 लाख के आंकड़ें को भी पार कर गयी और कोरोना संक्रमण के मामले अब दो दिनों में ही एक लाख से अधिक सामने आने का सिलसिला जारी हैं। इससे पहले भी दो दिनों के भीतर एक लाख से अधिक नये मामले सामने आये थे और रविवार को संक्रमितों की संख्या 14 लाख के पार हो गयी थी।

कोरोना वायरस से गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। इस दौरान राहत की बात यह रही कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर आज 64.53 फीसदी पहुंच गयी जो सोमवार को 64.24 प्रतिशत रही थी। मृत्यु दर भी पहले के 2.26 प्रतिशत की तुलना में आज घटकर 2.23 फीसदी पर आ गयी।

देर शाम विभिन्न राज्यों के आंकड़ों में महाराष्ट्र के अलावा आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में रिकार्ड नये मामले आये। इन सात राज्यों समेत पूरे देश में 47 हजार से अधिक नये मामले तथा 769 और लोगों की मौत हुई है।

‘कोविड19 इंडियाडॉटओआरजी’ के आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल 15,29,653 मामलों की आज रात तक पुष्टि हो चुकी है। इस प्रकार सुबह से लेकर देर रात तक 47,150 नये मामले आ चुके हैं। अब तक कुल 9,87,147 मरीज स्वस्थ हुए हैं जबकि 34,223 लोगों की इस महामारी से मौत हो चुकी है। अन्य 5,07,833 सक्रिय मामलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है। इस प्रकार बीमार मरीजों की तुलना में ठीक हुए रोगमुक्त लोगों की संख्या बढ़कर पौने पांच लाख के पार पहुंच गयी है। फिलहाल यह अंतर 4,79,314 है।

पश्चिम बंगाल ने ईद, राखी और 15 अगस्त को छोड़कर 31 अगस्त तक हरेक सप्ताह दो दिन शनिवार और रविवार को पूर्णबंदी लागू करने की घोषणा की है। गंभीर रूप से प्रभावित तमिलनाडु में भी 31 जुलाई तक लागू पूर्णबंदी की अवधि बढ़ाने को लेकर गंभीरता से विचार कर रहा है। इस बीच, कोरोना संक्रमण के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों में फिर संपूर्ण लॉकडाउन अथवा जनता कर्फ्यू जैसे प्रतिबंध भी फिर लगाने पड़े हैं।

देश के विभिन्न हिस्सों में राज्य सरकारें अपने स्तर से भी कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए लॉकडाउन या पूर्णबंदी या फिर जनता कर्फ्यू लागू कर रही हैं। देश में वर्तमान में कोरोना वायरस कोविड-19 के संक्रमण के पॉजिटिव मामले आने की दर (पाॅजिटिविटी दर) 8.07 प्रतिशत है और केंद्र सरकार राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेश के साथ मिलकर इसे पांच प्रतिशत से कम करने के लिये प्रयासरत है। देश के 19 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना रिकवरी दर राष्ट्रीय औसत रिकवरी दर से अधिक दर्ज की गयी है। राजधानी दिल्ली 89 फीसदी रिकवरी दर के साथ शीर्ष पर है।

इसबीच देशभर में पहली बार एक दिन में कोरोना वायरस कोविड-19 के रिकॉर्ड 5,28,082 नमूनों की जांच की गयी। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से आज जारी आंकड़ों के मुताबिक 27 जुलाई को देशभर में कोरोना वायरस के संक्रमण का पता लगाने के लिए 5.28 लाख से अधिक नमूनों की जांच की गयी और इसके साथ ही अब तक जांच किये गये नमूनों की कुल संख्या 1,73,34,885 हो गयी है।

विभिन्न राज्यों की स्थिति पर नजर डालें तो सर्वाधिक प्रभावित महाराष्ट्र में संंक्रमण के 7717 नये मामले सामने आये और 282 लोगों की मौत हुई। यहां अब संक्रमितों का आंकड़ा 3,91,440 और मृतकों की संख्या 14,165 है जबकि 2,32,277 लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं। यहां एक दिन में 40 हजार लोगों की कोरोना जांच की गयी।

संक्रमण के मामले में दूसरे स्थान पर चल रहे तमिलनाडु में इस दौरान 6,972 नये मामले सामने आये और 88 लोगों की मौत हुई जिससे कुल संक्रमितों की संख्या 2,27,688 और मृतकों का आंकड़ा 3,659 हो गया है। राज्य में 1,66,956 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है। राज्य में इस दौरान 61.2 हजार टेस्ट हुए।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना महामारी की स्थिति अब कुछ नियंत्रण में है और यहां संक्रमण की रफ्तार काफी कम हुई है। राजधानी में आज 1056 नये मामले सामने आए यहां अब तक 1,32,275 लोग कोरोना की चपेट में आये हैं तथा इसके कारण मरने वालों की संख्या 3,881 हो गयी है। यहां अब तक 1,17,507 मरीज रोग मुक्त हुए हैं।

दक्षिण भारतीय राज्य आंध्र प्रदेश संक्रमितों की संख्या के मामले में अब चौथे स्थान पर पहुंच गया है। राज्य में 1,10,297 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 1148 लोगों की इस महामारी से मौत हुई है जबकि 52,622 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। आंध्र में पिछले 24 घंटों के दाैरान 63 हजार लोगों की कोरोना जांच हुई है।

संक्रमितों की सूची में पांचवें स्थान पर मौजूद कर्नाटक मेें अब तक 1,07,001 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 2057 लोगों की मौत हुयी है। राज्य में अब तक 40,504 मरीज रोगमुक्त भी हुए हैं। कर्नाटक में इस दौरान 37.7 हजार टेस्ट हुए। आबादी के हिसाब से देश का सबसे बड़ा राज्य उत्तर प्रदेश कोरोना संक्रमण के मामले में गुजरात को पीछे छोड़कर छठे स्थान पर आ गया है। राज्य में अब तक 73,951 मामले सामने आए हैं तथा इस महामारी से 1,497 लोगों की मौत हुई है जबकि 44,520 मरीज ठीक हुए हैं।

उत्तर प्रदेश में इस दौरान 91.8 हजार नमूनों की कोरोना जांच हुई। इस बीच, गुजरात को पीछे छोड़ते हुए पश्चिम बंगाल संक्रमण के मामले में सातवें स्थान पर पहुंच गया है। बंगाल में अब तक 62,964 मामले सामने आये हैं तथा 1,449 लोगों की मौत हुई है जबकि 42,022 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। राज्य में 17 हजार परीक्षण हुए।

देश का पश्चिमी राज्य गुजरात संक्रमण के मामले में अब आठवें स्थान पर है, लेकिन मृतकों की संख्या के मामले में यह महाराष्ट्र, दिल्ली और तमिलनाडु के बाद चौथे स्थान पर है। गुजरात में 57,982 लोग वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 2,368 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 42,514 लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं।

दक्षिण भारतीय राज्य तेलंगाना में कोरोना संक्रमितों की संख्या 57,142 हो गयी है और 480 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 42,909 लोग इस महामारी से ठीक हुए थे। तेलंगाना में परीक्षण 15.8 हजार हुए हैं। बिहार में 2480 नये मामले आने के साथ ही संक्रमितों की संख्या बढ़कर 43,591 हो गयी तथा मृतकों की संख्या 269 हो गयी है जबकि अब तक 29,220 लोग रोगमुक्त भी हुए हैं। इसके बाद राजस्थान में भी कोरोना संक्रमितों की संख्या 38,636 हो गयी है और अब तक 644 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 27,317 लोग पूरी तरह ठीक हुए हैं।

कोरोना की महामारी से मध्य प्रदेश में 830, हरियाणा में 406, जम्मू-कश्मीर में 333, पंजाब में 336, ओडिशा में 189, झारखंड में 93, असम में 88, उत्तराखंड में 70, केरल में 68, छत्तीसगढ़ में 46, पुड्डुचेरी में 47, गोवा में 36, चंडीगढ़ में 14, हिमाचल प्रदेश में 13, त्रिपुरा में 17, मेघालय में पांच, नागालैंड में चार, अरुणाचल प्रदेश में तीन और लद्दाख में चार तथा दादर-नागर हवेली एवं दमन-दीव में दो लोगों तथा सिक्किम में एक व्यक्ति की मौत हुई है।

संबंधित समाचार