अयोध्या निकाय चुनाव: सपा में मेयर के लिए तीन, अध्यक्ष के लिए छह आवेदन, पूर्व विधायक की बहू भी हैं, शामिल
अमृत विचार, अयोध्या। निकाय चुनाव को लेकर तेजी के साथ बढ़ रही सियासी गर्मी के बीच समाजवादी पार्टी में भी आवेदनों की फेहरिस्त बढ़ने लगी है। चौंकाने वाली बात यह है कि पूर्व विधायक जयशंकर पांडेय की पुत्रवधू की ओर से भी नगर निगम महापौर प्रत्याशी बनाए जाने के लिए आवेदन किया गया है।
महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव ने गुरुवार को बताया कि अब तक पूर्व विधायक जयशंकर पांडेय की पुत्रवधू स्मृति पांडेय, महानगर अध्यक्ष महिला सरोज यादव, सपा नेता मोहम्मद हलीम पप्पू की पत्नी मुमताज बानों ने आवेदन दाखिल किया है।
उन्होंने बताया कि अभी आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया जारी है। महानगर महासचिव हामिद मीसम जाफर ने बताया कि आवेदन के साथ पूरा बायोडाटा लिया जा रहा है। सपा नेता मनोज जायसवाल भी आवेदन ले गए हैं, अभी जमा नही किया है।
सपा जिलाध्यक्ष गंगा सिंह यादव ने बताया कि रुदौली नगर पालिका से विनोद कुमार लोधी, मो. रईस खान, खिरौनी सुच्चितागंज नगर पंचायत से रेशमा भारती, बीकापुर नगर पंचायत से शकुंतला देवी व रामावती यादव ने अध्यक्ष पद प्रत्याशी के लिए आवेदन किया है।
वहीं कामाख्या देवी नगर पंचायत से गायत्री देवी ने आवेदन किया है। गोसाईगंज नगर पंचायत से एक भी आवेदन नहीं आया है। उन्होंने बताया कि प्रत्याशी चयन के लिए प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर जिला स्तर पर समिति गठित है। जिसमें पूर्व व वर्तमान विधायक, विधान परिषद सदस्य शामिल हैं।
यह भी पढ़ें:-सीएम योगी ने गुजरात चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत पर दी बधाई, कही यह बड़ी बात
