मेरठ की बेटी ने अमेरिका में लहराया परचम, सोशल मीडिया के फायदे गिनाने पर बनी मिसेज वॉशिंगटन
मेरठ, अमृत विचार। मेरठ की बेटी शगुन अग्रवाल ने गुरुवार को भारत का नाम अमेरिका सहित दुनियां भर में रौशन किया है। शगुन ने अन्य देशों की महिलाओं को पछाड़ते हुए मिसेज वॉशिंगटन 2022 का खिताब जीता। जिससे विदेशों में भारत का मान बढ़ा है। ब्यूटी एंड माइंड के इस कांटेस्ट में शगुन ने सोशल मीडिया के फायदे व नुकसान बताकर यह खिताब अपने नाम किया है।
शगुन की हो रही है चर्चा: मेरठ के गढ़ रोड पर तुगानिया स्पोर्ट्स के चेयरमैन शौराज अग्रवाल की बेटी शगुन अग्रवाल ने वॉशिंगटन में मिसेज वाशिंगटन का खिताब जीतने से काफी खुश हैं। शगुन की मां मीनू अग्रवाल ने बताया कि पांच दिसंबर को वाशिटंगन के सीऐटल सिटी में मिसेज वाशिंगटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था।
इसमें शगुन ने भाग लिया और 18 प्रतिभागियों को पछाड़ते हुए यह खिताब जीता है। उन्होंने बताया कि अंतिम चरण में शगुन से सोशल मीडिया के नुकसान, फायदे को लेकर सवाल पूछे गए थे। शगुन का जवाब निर्णायक मंडल को पसंद आया। बेटी की सफलता की जानकारी मिलने पर परिवार के लोगों ने फोन पर बात कर शगुन को शुभकामनाएं दी।
परिजनों ने बताया कि शगुन अग्रवाल की शादी बीकानेर निवासी उद्योगपति महेश गुप्ता के बेटे कार्तिकेय से चार साल पहले हुई थी। कार्तिकेय अमेरिका में एरिक्सन कंपनी में इंजीनियर है और वाशिंगटन में शगुन अग्रवाल के साथ रहते है। शगुन अग्रवाल फैशन डिजाइनर है।
ये भी पढ़ें - मेरठ: प्रथम पुण्यतिथि पर बिपिन रावत को दी गई श्रद्धांजलि
