रायबरेली: घर से रिश्तेदारी गए युवक का बाग में पेड़ से लटकता मिला शव, परिवार में मचा कोहराम
अमृत विचार, रायबरेली। रिश्तेदारी में निमंत्रण खाने गए युवक का शव एक बाग में पेड़ पर संदिग्ध अवस्था में लटकता हुआ मिला है। शव मिलने से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामला ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के गांव गंगागढ़ का है।
गांव के पास शुक्रवार की सुबह एक भाग में जब लोग शौच के लिए गए तो एक पेड़ पर युवक का शव फांसी के फंदे पर लटक रहा था। बाग में युवक का शव देखकर ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांव के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फांसी के फंदे से नीचे उतारा और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवक की पहचान देशराज (35 वर्ष) पुत्र औसान निवासी पुरे महाराज मजरे कंदरावा थाना ऊंचाहार के रूप में हुई है। युवक निजी स्कूल की बस का कंडक्टर था।
बुधवार को वह स्कूल से छुट्टी लेकर अपनी रिश्तेदारी के लिए गया था। परिवार के लोग बताते हैं कि रिश्तेदारी से वह वापस नहीं आया। इस बीच परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। रिश्तेदारी में बताया गया कि वह बुधवार को ही वहां से निकल गया था। उसके बाद शुक्रवार को बाग में उसका शव पेड़ से लटकता हुआ मिला है।
गांव से चार किमी की दूरी पर मिला शव
परिजनों का कहना है युवक अपने रिश्तेदारी विकासखंड दीन शाह गौरा गया हुआ था। जहां से वह वापस घर नहीं आया है। जबकि उसका शव उसके गांव से करीब चार किलोमीटर दूरी पर स्थित गांव गंगागढ़ के पास बाग में पेड़ पर लटकता हुआ मिला है।
कोतवाल बालेंदु गौतम का कहना है कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। शव का पोस्ट मार्टम कराया जा रहा है। विभिन्न बिंदुओं पर जांच चल रही है। यहां पर सवाल यह उठता है कि अपने घर से इतनी दूर जाकर आत्महत्या करने का अवचित क्या था ?इस सवाल का जवाब किसी के पास नहीं है।
पत्नी से चल रहा था विवाद
मृत युवक के परिजनों ने बताया कि उसकी शादी करीब 10 साल पहले हुई थी। उसका एक बेटा भी है। इस बीच करीब 8 साल से उसकी पत्नी अपने मायके में रह रही है। पत्नी और पति के बीच विवाद चल रहा था। उधर उसके स्कूल के सहकर्मियों ने बताया कि युवक बड़ा खुश मिजाज था। वह किसी भी बात को लेकर कभी तनाव में नहीं देखा गया है।
यह भी पढ़ें:-जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की एजेंसियों को कड़ी चेतावनी- गुंडे-बदमाशों को दिया काम तो खैर नहीं
