Weather Update Kanpur : अगले सप्ताह पड़ने वाली है कड़ाके की ठंड, बर्फीली हवा धूप में छुड़ाएगी कंपकंपी
Weather Update Kanpur कानपुर में अगले सप्ताह में पड़ेगी कड़ाके की ठंड।
Weather Update Kanpur कानपुर में बर्फीली हवा आने से अगले सप्ताह से कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। दिन में पारा 20 से 25 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। लेकिन इस तापमान में भी ठंडी हवाएं ठिठुरन बढ़ा देंगी।
कानपुर, अमृत विचार। Weather Update Kanpur दिसंबर का पहला सप्ताह बीत गया है। भले ही इस सप्ताह लगातार खिली धूप की वजह से कड़ाके की सर्दी का अहसास न हुआ हो, लेकिन अगले कुछ दिनों बाद आपकों ठंड के प्रति सचेत रहना होगा।
जी हां, पर्वतीय इलाके जल्द ही सफेद चादर से ढकने वाली हैं और वहां से टकराकर तराई क्षेत्र में आने वाली बर्फीली हवाएं आपको तंग कर देंगी। कानपुर में भी इसका असर अगले कुछ ही दिनों में दिखना शुरू हो जाएगा।
इसलिए जरूरी है कि बच्चों से लेकर बड़े बुजुर्गों तक को ऊनी कपड़ों से सुरक्षित किया जाए। शुक्रवार को भी 2.7 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलीं।
उत्तर पश्चिमी हवाओं का असर दिखना शुरू हो गया है। इस हवा की गति भी बढ़ी है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को उत्तरी पश्चिम क्षेत्र की हवाएं रिकार्ड गति से चली थीं। इनकी गति छह किमी प्रति घंटे की रफ्तार से भी ज्यादा थी।
इस वजह से गलन का भी खूब अहसास हुआ था। यह हाल तब था, जब अधिकतम तापमान में ज्यादा अंतर नहीं था। 24.0 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के बावजूद धूप में लोग ठिठुरे।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर में इस बार रिकार्ड हिमपात होने की संभावना है। इससे तराई इलाकों में भी ठंड बढ़ सकती है। यह असर दिसंबर के अंतिम सपताह या फिर जनवरी के प्रथम सप्ताह से दिखना शुरू हो जाएगा।
चिकित्सा विशेषज्ञों ने इस मौसम में सेहत को लेकर सावधान रहने की सलाह दी है। उनका कहना है कि बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य को लेकर सचेत रहें। कान और नाक को ढककर रखें।
चौबीस घंटे में ढाई डिग्री सेल्सियस लुढ़का पारा
चौबीस घंटे में ढाई डिग्री सेल्सियस से अधिक पारा लुढ़क गया। मौसम विज्ञानी के अनुसार गुरुवार को न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस था। शुक्रवार को यह लुढ़ककर 8.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। तापमान में 2.6 का यह अंतर शुक्रवार की रात को ठिठुरन को और बढ़ा गया। मौसम में अचानक होने वाले ऐसे बदलाव को सेहत के लिए ठीक नहीं माना जाता है। विशेषज्ञों ने इस राय के साथ लोगों को बेहद सावधान रहने की नसीहत दी है।
इस सप्ताह ऐसे बढ़ीं हवा की गति
कब कितनी
1 दिसंबर 0.7 किमी प्रति घंटा
2 दिसंबर 1.8 किमी प्रति घंटा
3 दिसंबर 1.4 किमी प्रति घंटा
4 दिसंबर 0.9 किमी प्रति घंटा
5 दिसंबर 1.2 किमी प्रति घंटा
6 दिसंबर 1.3 किमी प्रति घंटा
7 दिसंबर 4.7 किमी प्रति घंटा
8 दिसंबर 6.1 किमी प्रति घंटा
