बहराइच: विशालकाय अजगर निकलने से ग्रामीणों में दहशत, सूचना के बाद भी नहीं पहुंचे वनकर्मी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, कैसरगंज (बहराइच)। जिले के कैसरगंज थाना अंतर्गत  नेशनल हाईवे के किनारे बसे करीम बेहड़ गांव के निकट एक खेत में रविवार को ग्रामीणों को विशालकाय अजगर दिखाई पड़ा। इससे ग्रामीण सकते में आ गए। वन विभाग को सूचना दी गयी है लेकिन अभी कोई भी वन कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा है। विशालकाय अजगर के निकलने से लोग दहशत में हैं। 

कैसरगंज तहसील अंतर्गत कैसरगंज रेंज में बहराइच-लखनऊ हाईवे के किनारे करीम बेहड़ गांव स्थित है। रविवार सुबह गांव के लोगों ने खेत में विशालकाय अजगर देखा वह धूप सेंक रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक अजगर की लंबाई लगभग 15 फीट के आसपास है। खेत में अजगर को देख ग्रामीणों ने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। काफी लोग इकट्ठा हो गए। आहट पाकर अजगर खेत में बनी झाड़ियों में छिप गया।

ग्रामीणों ने बताया कि यहां पर अक्सर अजगर निकलते रहते हैं। इनकी संख्या सात से आठ के आसपास है। गांव के लोगों ने बताया कि फुरकान के खेत के निकट अजगर ने अपना बिल बना रखा है। धूप निकलते ही अजगर  बाहर निकल आता है।और आहट पाते ही बिल में चला जाता है।

ग्रामीणों ने इसकी जानकारी ग्राम प्रधान को दी और उप जिलाधिकारी को दी। वन विभाग को भी अवगत कराया गया है। लेकिन कोई भी वन कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा है। इसके चलते ग्रामीण पर दहशत में है। अजगर से बच्चों और मवेशियों को खतरा बना हुआ है।

यह भी पढ़ें:-वाराणसी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, 'यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज डे-2022' पर आयोजित कार्यक्रम को किया संबोधित

संबंधित समाचार