अयोध्या: प्रति घंटा दो सेंटीमीटर बढ़ रहा सरयू का जलस्तर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। खतरे के निशान को पार कर 22 सेंटीमीटर ऊपर बहकर वार्निंग लेवल की ओर जा रही सरयू नदी मौसम के अनुसार अपना मिजाज बदल रही है। इधर मौसम विभाग ने तेज बारिश की चेतावनी जारी की और उधर सरयू ने अपने कदम खतरे के निशान की ओर बढ़ा दिया। सुबह नौ बजे …

अयोध्या, अमृत विचार। खतरे के निशान को पार कर 22 सेंटीमीटर ऊपर बहकर वार्निंग लेवल की ओर जा रही सरयू नदी मौसम के अनुसार अपना मिजाज बदल रही है। इधर मौसम विभाग ने तेज बारिश की चेतावनी जारी की और उधर सरयू ने अपने कदम खतरे के निशान की ओर बढ़ा दिया। सुबह नौ बजे से ही सरयू के जलस्तर में बढ़ोतरी जारी है। वर्तमान में सरयू का जलस्तर दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है।

सरकारी अभिलेखों में घाघरा और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की नगरी की सीमा से सरयू के रूप में जाने पहचाने वाली यह नदी नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों से निकलती है। इसीलिए सरयू के जलस्तर का उतार चढ़ाव नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही वर्षा से प्रभावित होता है। पड़ोसी देश नेपाल की ओर से पानी छोड़ा जाता है तो सरयू उफान की ओर जाने लगती हैं।

पुराण में भले ही यह सरयू मोक्षदायिनी के रूप में वर्णित है, लेकिन अपने कछार में बसे लोगों को मानसून सीजन में हलकान परेशान करती है। संयत रहने पर जहां एक ओर अन्न धन से तटीय इलाकों में बसे लोगों को परिपूर्ण करती है। वही वर्षा के मौसम में खेत में खड़ी फसलों ही नहीं, घर मकान और गृहस्थी को अपने आगोश में ले लेती है।

बरसात के मौसम में बाढ़ और कटान की आशंका के मद्देनजर जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़ चौकियां स्थापित कर इनको सक्रिय किया है। राजस्व अमले की टीम को हालात की निगरानी के लिए लगाया है। कटान को रोकने के लिए संभावित क्षेत्रों में सिंचाई और बाढ़ खंड विभाग की ओर से एहतियाती उपाय के तहत काम कराया जा रहा है। विभाग के प्रमुख सचिव और जिले के नोडल अधिकारी समेत जिला प्रशासन के अधिकारी बाढ़ के दायरे में आने वाले क्षेत्रों का दौरा कर तैयारियों का जायजा ले चुके हैं।

उफान पर आने के बाद सरयू का जलस्तर इधर बीच लगातार गिर रहा था। मंगलवार की मध्य रात्रि के बाद दो बजे से बुधवार को सुबह छह बजे तक सरयू का जल स्तर 92.280 मीटर पर स्थिर रहा। हालांकि इसके बाद सरयू का जलस्तर सुबह सात बजे एक सेंटीमीटर गिरकर एक बार फिर से स्थिर हो गया। दो घंटे स्थिर रहने के बाद सरयू ने मौसम का मिजाज देख करवट बदल ली और जल स्तर बढ़ने लगा।

एक एक सेमी की बढोत्तरी के साथ सुबह दस बजे सरयू का जलस्तर 92.280, 11 बजे 92.290 दर्ज किया गया लेकिन इसके बाद सरयू का जलस्तर दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ने लगा। केंद्रीय जल आयोग ने दोपहर 12 बजे जल स्तर 92.310, दोपहर बाद एक बजे 92.330, दो बजे 92.350, तीन बजे 92.370, चार बजे 92.390, पांच बजे 92.410, सात बजे 92.430 रिकॉर्ड किया। केंद्रीय जल आयोग के कर्मचारी संजय कुमार ने बताया कि आज सरयू का जलस्तर बढ़ने लगा है। दोपहर बाद सरयू दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रही हैं।

संबंधित समाचार