SP MLA Irfan Solanki जेल से फाइनल करेंगे पार्षद प्रत्याशी, सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के वार्डों का पैनल भेजेगी पार्टी
Kanpur News कानपुर में इरफान सोलंकी जेल से ही पार्षद प्रत्याशी फाइनल करेंगे।
Kanpur News कानपुर में सपा विधायक इरफान सोलंकी जेल से ही पार्षद प्रत्याशी फाइनल करेंगे। सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के वार्डों का पैनल पार्टी भेजेगी। विधायक की मुहर के बाद पर्यवेक्षक हरी झंडी देंगे।
कानपुर, अमृत विचार। Kanpur News नगर निगम चुनाव में समाजवादी पार्टी जेल में बंद अपने विधायक इरफान सोलंकी की लोकप्रियता भुनाएगी। उनके विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों से सपा की टिकट किसे मिलेगी यह विधायक इरफान सोलंकी तय करेंगे। हां, पार्टी उनकी स्वीकृति के लिए जेल में पैनल पहुंचा देगी। सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र में 19 वार्ड बताए जाते हैं।
नगर निगम सदन में सपा भी प्रमुख विपक्षी दल के रूप में प्रदर्शन चाहती है। पार्टी के एक पार्षद का कहना है कि पिछले कार्यकाल में सपा के नेता सदन एक कदम आगे तो दो कदम पीछे की रणनीति अपनाते हुए चल रहे थे। अबकी जोरदार मौजूदगी दर्ज कराने के लिए सपा के वार्ड प्रत्याशियों के नाम तय करेगी। लगभग यही फारमूला सपा आर्यनगर और छावनी विधानसभा क्षेत्र मे लागू करेगी।
सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र की बाबत बताया जाता है कि निकाय चुनाव के लिए पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा भेजे गए पर्यवेक्षक ही जेल में जाकर विधायक इरफान सोलंकी को उनके क्षेत्र के वार्डों का पैनल सौंपेंगे। जिस नाम पर सोलंकी सहमति देंगे सपा उसी प्रत्याशी के रूप में उतारेगी। मेयर प्रत्याशी तय करने में भी इरफान की राय महत्वपूर्ण होगी।
अंतिम निर्णय सपा हाई कमान लेगा। पर्यवेक्षक दल के सदस्य और बबेरू से विधायक विशंभर सिंह यादव ने बताया कि विधायक इरफान सोलंकी से जेल में ही पर्यवेक्षक दल के सदस्य मिलेंगे और प्रत्याशियों के नाम उनसे लेंगे। सपा हाईकमान ने सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक और पदाधिकारियों से भी दावेदारों के नामों की सूची मांगी थी।
आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेई के अनुसार जो पैनल बनेगा, उसी में नाम तय किया जाएगा। सपा के शहर अध्यक्ष डॉ. इमरान का कहना है कि जिन दावेदारों के नाम का पैनल बनाया जा रहा है। एक वार्ड के लिए दो-तीन दावेदारों के नाम दिए गए हैं। विधायक सोलंकी से मशविरा के लिए जेल में जाकर मिलेंगे। उनसे मिलकर सूची प्राप्त करेंगे। फिर हाई कमान के निर्णय के मुताबिक टिकट फाइनल किया जाएगा।
