बरेली: दो वार्डों के बीच सीमा विवाद में फंसी सड़क, पांच साल से दर्द झेल रहे लोग
बरेली, अमृत विचार। पुराना शहर में दो वार्डों के बीच सीमा विवाद के चलते बदहाल सड़क का निर्माण नहीं हो सका। पांच साल से यह सड़क लोगों को दर्द दे रही है, मगर जनप्रतिनिधियों ने सड़क की दशा सुधारने की दिशा कोई पहल नहीं की, नतीजन जनता की परेशानी कम होने की बजाय बढ़ती चली गई। अब एक बार फिर निकाय चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। विकास के दावे किए जाने लगे हैं, मगर उन समस्याओं का क्या...,जो पांच तक बनी रहीं, जिनका निदान नहीं हुआ...।
ये भी पढ़ें- बरेली: रक्षा संपदा की जमीन पर पेड़ से लटकी मिली लाश, युवक की नहीं हो सकी शिनाख्त
वार्ड 78 सूफी टोला व वार्ड 80 रबड़ी टोला दोनों करीब हैं। कुछ क्षेत्र ऐसा है, जहां सड़क के एक ओर सूफी टोला तो दूसरी ओर रबड़ी टोला है, लेकिन सड़क एक है और नालियां दोनों तरफ हैं। बुधवार को इस क्षेत्र का भ्रमण किया तो गलियों वाले इन वार्डों में कूड़ा नाममात्र दिखाई दिया। दोनों वार्डों में नालियां गंदगी से चोक नजर आईं, जो कभी भी उफना सकती हैं। सिल्ट अधिक होने पर कई स्थानों पर नालियों में पानी का बहाव कम दिखा। मैनहोल भरे हैं, लेकिन उफनाए नहीं हैं।
रबड़ी टोला की हालत ज्यादा खराब है। यहां सड़क बदहाल थी। लोगों का कहना था कि इसी टूटी सड़क से जनप्रतिनिधि निकलते हैं, मगर आज तक इसकी सुध नहीं ली। आवाजाही में लोगों को परेशानी होती है, मगर जिम्मेदारों को इससे कोई मतलब नहीं है। यही वजह है कि पांच साल बीतने के बाद भी हालात नहीं बदले हैं। नवाब शहामत अली की कोठी के सामने मस्जिद है। वहीं ट्रांसफार्मर रखा है। जहां लोग कूड़ा डाल जाते हैं। नमाजी इसी रास्ते से मस्जिद जाते हैं, लेकिन कूड़े को नहीं हटाया जा रहा है।
चोक नालियां भी बेहतर जलनिकासी के दावे की पोल खोलते नजर आईं। यहां बैंक्वेट हाल मालिकों ने चबूतरा बना लिया। उसकी वजह से नालियों की सफाई नहीं हो पाती है, मगर अभी तक इस समस्या के निदान को लेकर जिम्मेदार गंभीर नहीं हैं। उसी हाल के सामने मेडिकल वेस्ट व कूड़ा भी फेंका जा रहा। मालियों की पुलिया के सामने से जाने पर रबड़ी टोला और सूफी टोला वार्ड की सीमा है।
यहां के लोग कहते हैं कि दो वार्डों के बीच सीमा विवाद के चलते सड़क आज तक नहीं बन पाई है। समस्या के निदान के लिए जनप्रतिनिधियों ने भी कोई दिलचस्पी नहीं ली। इसी मार्ग पर आगे जाने पर कई जगह सड़क टूटी है। नालियों में पानी का बहाव रुका हुआ है। वार्ड 78 के पार्षद मोहम्मद अंजुम बताते हैं कि वह क्षेत्र में सफाई का पूरा ध्यान रखते हैं। उनके वार्ड में गंदगी नहीं होगी। नालियां जरूर जाम हैं। कुछ सड़क भी नहीं बनी है। कुछ काम अधूरे हैं। इस बार जीतने पर अधूरे कार्यों को पूरा कराया जाएगा। वार्ड 80 की पार्षद जुबैदा बी से बात करने की कोशिश की मगर संपर्क नहीं हो सका।
ये भी पढ़ें- बरेली: ABVP करेगा छात्राओं को सम्मेलन के जरिए महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक
