बरेली: पिछले निकाय चुनाव का हिसाब बराबर करने की तैयारी में बसपा
बरेली, अमृत विचार। बहुजन समाज पार्टी मजबूती के साथ निकाय चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटी है। साल 2017 में निकाय चुनाव के अपने खराब प्रदर्शन को बसपा दोहराने के मूड में नहीं है। यही वजह है कि बसपा प्रमुख मायावती निकाय चुनाव को लेकर सीधे जिले के पदाधिकारियों से लगातार संवाद कर रही हैं। साथ ही उनको दिशा निर्देश जारी किए जा रहे हैं। बड़ी संख्या में बसपा से छिटके उसके परंपरागत वोटों को वापस पाने के साथ पार्टी की नजर विशेष तौर से मुस्लिम वोटरों पर भी है।
ये भी पढे़ं- बरेली: 2017 में कांग्रेस को पार्षद की एक सीट मिली, इस बार राह नहीं आसान
यही वजह है कि निकाय चुनाव से पहले कई मुस्लिम नेताओं को पार्टी में शामिल किया गया है। जिले की बात करें तो साल 2017 के निकाय चुनाव में पार्टी द्वारा बहुत ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाई गई थी। जिसका खामियाजा उसे परिणाम के दौरान भुगतना पड़ा। इस बार भले ही चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़ने की तैयारी की जा रही हो, लेकिन 2017 के निकाय चुनाव में चंद सीटों पर ही बसपा ने सिंबल पर प्रत्याशी उतारे थे और बाकी स्थानों पर बसपा द्वारा उम्मीदवारों का समर्थन किया गया था।
बसपा जिलाध्यक्ष डा. जयपाल सिंह ने बताया कि बीते चुनाव में बसपा का नगर निगम में केवल एक पार्षद चुनकर आया था। जबकि चार समर्थित उम्मीदवार जीते थे। मेयर की दौड़ में बसपा प्रत्याशी तीसरे नंबर पर रहे थे। इसके अलावा बहेड़ी और नवाबगंज नगरपालिकाओं में बसपा के प्रत्याशियों ने कब्जा किया था।
ये भी पढे़ं- बरेली: अज्ञात वाहन की टक्कर से बच्चे की मौत, परिजनों की तलाश में जुटी पुलिस
